रुपये के लिए बैंक में खड़े लोग।
- फोटो : Amar Ujala
दो हजार के नोट से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब आरबीआई ने फुटकर की किल्लत दूर करने के लिए नई करेंसी में 500 के नए नोट भेजने की तैयारी की है। शनिवार तक 300 से 400 करोड़ रुपये आने की संभावना है। इसके बाद हालात में तेजी से सुधार होगा। वैसे गुरुवार को बैंकों में भी भीड़ कम थी और एटीएम पर भी लंबी कतारें नहीं दिखीं।
पिछले दिनों आरबीआई द्वारा भेजी गई करेंसी में ज्यादातर दो हजार के नोट आए थे। इससे बहुत सारे एटीएम में ये नोट भरे नहीं जा सके। चालू हालत वाले एटीएम में भीड़ बढ़ गई और वहां भी नोट का संकट खड़ा हो गया। इस समस्या से निजात पाने के लिए आरबीआई ने अब 500 के ज्यादा नोट भेजने की तैयारी की है। इससे नेपाल बार्डर से सटे इलाकों में स्थित बैंकों की शाखाओं को भी करेंसी उपलब्ध हो जाएगी। पिछली बार जब 2000 करोड़ रुपये में 2000 के नोट अधिक आए तो बार्डर वाले बैंकों में दिक्कतें बढ़ गईं। आरबीआई ने करेंसी की आपूर्ति के साथ ही यह निर्देश भी दिया था कि बार्डर से लगी बैंक शाखाओं को बड़े नोट न उपलब्ध कराए जाएं।
उधर, अधिकांश बैंकों में पांच हजार से अधिक पुराने नोट जमा नहीं किए गए। की गई। बैंकों में लोगों को निर्देश न आने का हवाला देकर लौटा दिया गया। उन्हें बताया गया कि नियम तो हटा लिया गया है लेकिन उन्हें निर्देश नहीं मिले हैं। एसबीआई बैंक के एजीएम अमर सिंह ने बताया कि उनके यहां पांच हजार से अधिक की राशि जमा की गई। पुराने फार्मेट के आधार पर विंडो खुल रहा था जिसमें पैन व फार्म 16 का डिटेल भरने का निर्देश आ रहा था लेकिन उसे इग्नोर करने का आप्शन उपलब्ध था। एक्सिस बैंक की मेन शाखा के मैनेजर पवन पंत ने बताया कि जिन ग्राहकों ने घोषणा फार्म नहीं भरा होगा उनके सामने समस्या आई होगी क्योंकि पांच हजार से अधिक की धनराशि जमा करने पर घोषणा फार्म भरना अनिवार्य है।
पूर्वांचल बैंक की 150 से ज्यादा शाखा बंद
पूर्वांचल बैंक को कम करेंसी मिलने से करीब 150 से ज्यादा शाखाओं से नोट नहीं दिए जा रहे हैं। कई दिनों से बैंकों में या तो ताले लटके पड़े हैं या लेनदेन बंद है। यही वजह है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पूर्वांचल बैंक की शाखाओं पर सर्वाधिक हंगामा हो रहा है।