गोरखपुर। गोरखपुर जोन के आईजी जय नारायण सिंह ने मंगलवार को कार्यभार संभाल लिया। आईजी ने कहा कि जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता होगी। थानों पर हर पीड़ित की फरियाद सुनी जाए और वहीं पर समाधान हो सके ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। फरियादियों को अफसरों के दफ्तर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
आईजी ने मीडिया कर्मियों से कहा कि चौपाल लगाकर महिला सिपाहियों की समस्याएं सुनने की व्यवस्था की जाएगी। महिला सिपाहियों को सुविधा के हिसाब से तैनाती देने का विकल्प भी रखा जाएगा। हाल के दिनों में दरोगा, सिपाही की आत्महत्या से संबंधित सवाल पर आईजी ने कहा कि काउंसिलिंग की व्यवस्था बेहतर करेंगे। पुलिस कर्मियों को समय-समय पर छुट्टी दी जाएगी।
संतकबीर नगर के एसपी भी रह चुके हैं जय नारायण
आजमगढ़ के रहने वाले जय नारायण सिंह की पढ़ाई वाराणसी से हुई है। 1994 बैच के आईपीएस जय नारायण सिंह संतकबीर नगर के एसपी भी रह चुके हैं। मेरठ, गाजियाबाद, औरैया, मऊ, प्रतापगढ़, नोएडा, सहारनपुर एसएसपी के अलावा लखनऊ के आईजी का कार्यभार भी सम्हाल चुके हैं।