गोरखपुर। पीपीगंज इलाके में जमीन के नाम पर 80 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पीपीगंज पुलिस ने शाहपुर पुलिस की मदद से मेडिकल कालेज रोड के एक व्यापारी को रविवार की रात हिरासत में लिया है। पीपीगंज थाने में व्यापारी से पूछताछ चल रही है। व्यापारी की पत्नी ने पति को फर्जी आरोप में फंसाने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की है।
चिलुआताल के रेल विहार फेज निवासी मनोज कुमार गुप्ता की अमर इंटर प्राइजेज के नाम से मेडिकल कालेज रोड पर चरगांवा के पास प्लाई की दुकान है। आरोप है कि मनोज कुमार गुप्ता के परिचित संतोष जायसवाल ने पीपीगंज के बढ़या चौक के रहने वाले मृत्युंजय सिंह का जमीन में रुपया लगवाया था।
संतोष जायसवाल ने 80 लाख रुपये हड़प लिया और फरार हो गया। मृत्युंजय सिंह ने इस मामले में पीपीगंज थाने में तहरीर देकर संतोष, मनोज सहित चार लोगों के खिलाफ जालसाजी व अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया था। पुलिस ने मनोज कुमार गुप्ता को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए व्यापारी की पत्नी ने एसएसपी से बताया कि उनके पति का इस मामले में कोई लेना देना नहीं है। ना तो उनके खाते में पैसा आया है और ना ही वह इस मामले में पड़े हैं। निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।