आशा बहुओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
गोरखपुर। अपनी विभिन्न मांगों के लिए आंदोलन छेड़ी आशा बहुओं ने सोमवार को नगर निगम में दोपहर तक धरना देने के बाद सीएमओ दफ्तर को घेरकर हल्ला बोला। सीएमओ बैठक में व्यस्त थे। एडिशनल सीएमओ डॉ. एनके पांडेय ने ज्ञापन लिया। उन्होंने मांगों से शासन को वाकिफ कराने का आश्वासन देकर आशा बहुओं को शांत कराया।
प्रोत्साहन राशि की जगह वेतन या मानदेय, एएनएम एवं स्टाफ नर्स की भर्ती में वरीयता, राज्य कर्मचारी की तरह 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने आदि मांगों के लिए आशा बहुओं ने आंदोलन का रास्ता अख्तियार किया है। आल इंडिया आशा बहू कार्यकत्री कल्याण सेवा के बैनर तले 25 मई से आंदोलित हैं। 31 मई स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्य बहिष्कार करके धरना दी थीं। संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदा यादव की अगुवाई में सोमवार को आशा बहुओं ने पहले नगर निगम पार्क में धरना दिया, फिर जुलूस की शक्ल में सीएमओ दफ्तर पहुंचीं। आशा बहुओं का जत्था जिस तरफ से निकला, उधर जाम लग गया। जोरदार नारेबाजी करते हुए आशा बहुएं सीएमओ दफ्तर परिसर में दाखिल हुईं। जिला अस्पताल की ओपीडी में आए मरीजों को भी इससे परेशानी हुई। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी के मीटिंग में होने के चलते एडिशनल सीएमओ डॉ. एनके पांडेय आशा बहुओं के पास ज्ञापन लेने पहुंचे। इस मौके पर किरन शुक्ला, पुष्पा राय, किरन साहनी, रंभा यादव आदि मौजूद रहीं।
आज जल सत्याग्रह करने का एलान
आल इंडिया आशा बहू कार्यकत्री कल्याण सेवा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि मंगलवार को आशा बहुएं राजघाट पर जल सत्याग्रह करेंगी। ऐसा वे अपनी मांगों की ओर जिम्मेदारों का ध्यान आकृष्ट कराने के लिए करेंगी। सुबह 10 बजे से जल सत्याग्रह शुरू होगा। इसमें पूरे जिले की आशा बहुएं शामिल होंगी।