फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएचसी, पीएचसी में होगा इंसेफेलाइटिस का इलाज : मुख्यमंत्री

Mon, 29 Jan 2018 08:00 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर।
विज्ञापन
महेसरा पुल के लोकार्पण के मौके पर सीएम व अन्य। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को इंसेफेलाइटिस से निजात दिलाने के लिए बड़ा अभियान चलाने का एलान किया। चिलुआताल पर बने महेसरा पुल का लोकार्पण करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि इंसेफेलाइटिस से निजात का स्थायी समाधान किया जा रहा है। अप्रैल से ही साफ-सफाई और टीकाकरण का विशेष अभियान चलेगा। पेयजल की शुद्धता पर भी जोर दिया जाएगा। ऐसा माना जाता है कि यह बीमारी गंदगी, पानी की खराबी से होती है।
विज्ञापन


पूर्वांचल के ज्यादातर जिलों में हर साल इंसेफेलाइटिस से सैकड़ों बच्चों और लोगों की जान चली जाती है। मुख्यमंत्री ने इस बीमारी को पूर्वांचल की बड़ी समस्या बताई और कहा कि जल्द ही जिला अस्पताल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में इंसेफेलाइटिस का इलाज कराया जा सकेगा। सीएचसी, पीएचसी में भी आधुनिक सुविधा-संसाधनों से लैस आईसीयू होगी। बच्चों के लिए वार्मर के इंतजाम होंगे ताकि प्राथमिक उपचार में किसी तरह की दिक्कत न हो सके। डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टॉफ की कमी दूर की जाएगी। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों की मदद से पैरामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक से 15 अप्रैल के बीच जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई) से निजात के लिए सघन टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। पिछले साल (2017) में 92 लाख बच्चों को टीका लगाया गया था। इस बार भी जनप्रतिनिधियों और स्वयं सेवी संगठनों से सहयोग लिया जाएगा। कोशिश होगी कि कोई बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए। अब जरूरत हर गांव, कस्बा या मुहल्लों को साफ रखने की है।

जुलाई से शुरू होगी एम्स की ओपीडी
मुख्यमंत्री ने एक बार फिर कहा कि एम्स की ओपीडी जुलाई 2018 से शुरू होगी। भवन निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। जरूरत पड़ी तो अस्थायी भवन में कक्षाएं चलाई जाएंगी। इसका मतलब है कि इस सत्र में एम्स की पढ़ाई शुरू हो जाएगी। एमबीबीएस की सीटें भरी जाएंगी। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। एम्स की ओपीडी चलने के बाद इंसेफेलाइटिस से लड़ाई और आसान हो जाएगी। बेहतर इलाज के साथ ही शोध भी हो सकेगा।
विज्ञापन


बेहतर बिजली के लिए रोकनी होगी चोरी
पुल का लोकार्पण करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने बिजली चोरी रोकने और समय से बिल जमा करने की नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि यदि बेहतर बिजली चाहिए तो चोरी रोकनी होगी। जैसे हम मोबाइल के इस्तेमाल के लिए पैसा खर्च करते हैं, वैसा ही खर्च बिजली पर किया जाना चाहिए। ऐसा हुआ तो 24 घंटे की बिजली आपूर्ति जल्द ही सुनिश्चित कराई जाएगी। यूपी के सभी जिलों को समान रूप से बिजली मिलेगी।

प्रदेश में माफिया के लिए कोई जगह नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह जिस महेसरा पुल के अनावरण के लिए आए हैं, वह 2006 में स्वीकृत हुआ था। 2009 में बजट आया पर ठेके में माफियाओं की दखल के कारण निर्माण कार्य लटका रहा। लंबी लड़ाई के बाद अब यह पुल जनता के लिए खोला जा सका है। यदि पुरानी सरकारें देश, प्रदेश में होतीं तो यह आज भी नहीं चालू हो पाता। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि प्रदेश में माफिया, अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। इन सबसे सख्ती से निपटा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें