गोरखपुर। पशु व्यापारी को नशीली चाय पिलाकर बदमाशों ने पिटाई कर 4.80 लाख रुपये लूट लिए। रेलवे स्टेशन से वह महराजगंज के मोहनापुर ढाला जाने के लिए कार से निकले थे। सड़क किनारे अचेत मिलने पर राहगीरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सहजनवां, जैतपुर के गौसपुर टोला में रहने वाले पशु व्यापारी फकरुद्दीन (40) महराजगंज, मोहनापुर ढाला जाने के लिए रविवार को तड़के घर से निकले थे। भतीजा दिलजले बाइक से उन्हें रेलवे स्टेशन छोड़कर चला गया था। चार बजे के करीब एक कार चालक नौतनवां की सवारी भर रहा था। फकरुद्दीन भी उसमें बैठ गए। कार की पिछली सीट पर पहले से दो युवक मौजूद थे। गोरखनाथ पहुंचने के बाद एक दुकान पर रुककर चालक ने चाय पी। फकरुद्दीन को भी उसने चाय पिलाई। बरगदवां पहुंचने पर पशु व्यापारी को नींद आने लगी। आरोप है कि बगल में बैठे दोनो युवक उनकी तलाशी लेने लगे। विरोध करने पर असलहा तानकर पिटाई कर दी। इस दौरान उनकी जेब में रखे 4.80 लाख रुपये निकाल लिए। चिउटहा पुल के पास कार से नीचे उताकर बदमाश पीपीगंज की तरफ भाग निकले। सड़क किनारे अचेत पड़े फकरुद्दीन को देख आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी उसके घरवालों को देने के साथ ही 108 नंबर एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। एसएसपी लव कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है।