भगदड़ मचने से कई अभ्यर्थी गिर गए।
- फोटो : amar ujala
गोरखपुर। यूपी पुलिस और पीएसी सिपाही की भर्ती के लिए तीसरे दिन रविवार को 1352 अभ्यर्थियों ने दौड़ लगाई। इनमें 760 सफल रहे। अब तक तीनों दिनों में 2473 अभ्यर्थियों में 1447 सफल रहे हैं। आज दौड़ का अंतिम दिन होगा। उधर, रविवार को काफी देर से अपनी बारी का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों पैर में टैग लगवाने के लिए अंदर बुलाया गया तो वे बैरीकेडिंग फांद कर अंदर जाने लगे। जिससे वहां भगदड़ मच गई। कई अभ्यर्थी गिर गए। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रण में किया। वहीं, दौड़ के दौरान रविवार को भी कई अभ्यर्थियों की तबीयत खराब हो गई।
प्रदेश में सिपाही के 41,520 पदों के लिए 60 हजार अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा पास की है। परिणाम घोषित होने के एक सप्ताह बाद सफल अभ्यर्थियों की दौड़ कराई जा रही है। अभ्यर्थियों को पांच किलोमीटर की दौड़ 25 मिनट में पूरी करनी है। शुक्रवार से शुरू हुई दौड़ में गोरखपुर के अलावा कुशीनगर, संतकबीरनगर, बस्ती, गोंडा, महराजगंज, देवरिया समेत कई जिलों के अभ्यर्थी आए हैं। परीक्षा का नोडल अधिकारी एसपी ट्रैफिक आदित्य प्रकाश वर्मा को बनाया गया है।
धांधली का आरोप लगाया
सिपाही भर्ती परीक्षा में निवास प्रमाण पत्र और अंगूठा मिसमैच मामलों में दर्ज कराई गई आपत्ति के अस्वीकार किए जाने से अभ्यर्थियों में आक्रोश है। रविवार को अभ्यर्थियों ने धांधली का आरोप लगाते हुए भर्ती बोर्ड को पत्र लिखा। पुलिस लाइंस में अभ्यर्थियों के दस्तावेजों के परीक्षण में करीब 16 अभ्यर्थियों के निवास प्रमाण पत्र पर आपत्ति जताई गई और उन्हें अस्वीकार कर दिया गया। इसके बाद अभ्यर्थियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद अफसरों ने उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया। हंगामा करने वालों में अजीत कुमार वर्मा, सूरज विश्वकर्मा, अभिषेक गौतम, राजा नरेंद्र कुमार, अमर चौरसिया, प्रदीप, विनय कुमार, अभिषेक कुमार यादव, अमित कुमार, प्रदीप चंद्र आदि शामिल रहे।