देवरिया। एसपी के तबादले की मांग लेकर मंगलवार से हड़ताल कर रहे वकीलों को पुलिस की ओर से झटका मिला है। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नर्वदा चौहान के बेटे सत्यम के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।
इस केस को दर्ज करने में खोराराम के विजय यादव की तहरीर को आधार बनाया गया है। बताते हैं कि इस आशय की तहरीर काफी पहले पुलिस तक पहुंची थी, जिस पर शनिवार रात अचानक एफआईआर दर्ज करने का निर्णय लिया गया। वकीलों के बीच इसे उनके आंदोलन के प्रति पुलिस की प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है।
वकीलों के आंदोलन की शुरुआत तब हुई थी जबकि संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम से अधिवक्ताओं की बातचीत में अचानक एसपी ने हस्तक्षेप किया। एसपी पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल के आरोप लगे। अधिवक्ताओं का कहना था कि न्यायिक अधिकारी भी अधिवक्ता वर्ग को सम्मान देते हैं। ऐसे में पुलिस या प्रशासन के अफसर को अधिवक्ताओं की गरिमा के विपरीत जाने की छूट नहीं दी जा सकती।
एसपी के तबादले की मांग लेकर तहसील बार एसोसिएशन ने मंगलवार से हड़ताल शुरू कर दी। जिला बार एसोसिएशन भी इस हड़ताल में शामिल हो गई। अन्य कई संगठनों की ओर से भी हड़ताल को समर्थन का सिलसिला जारी है।