अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। शहर के कई इलाकों में नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जा है। सरकार की सख्ती के बाद नगर निगम ने इन कब्जों को हटाना शुरू कर दिया है। ऐसी ही एक कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को नगर निगम ने बरगदवां में अपनी 70 डिस्मिल जमीन पर से कब्जा हटाया।
बरगदवां के रिहायशी इलाके बंगाली कोठी में प्रशांत कुमार बनर्जी ने अराजी संख्या 93, 96 और 97 पर लंबे अरसे से कब्जा कर रखा था। यह जमीन 30 डिस्मिल, 7 डिस्मिल और 33 डिस्मिल है। नगर निगम ने कई बार प्रशांत कुमार बनर्जी को नोटिस भेजा, लेकिन उन्होंने कब्जा नहीं हटाया। नोटिस न लेने के बाद नगर निगम ने एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए पिछले सप्ताह प्रशांत के मकान पर नोटिस चस्पा कर दी थी। इस पर भी कब्जा नहीं हटाने पर शुक्रवार को नगर निगम ने कब्जा हटाते हुए अपना खंभा लगा दिया। इस जमीन पर एक कंपनी का मोबाइल टॉवर लगा हुआ है। कंपनी को भी नोटिस देने की तैयारी है। कार्रवाई अपर नगर आयुक्त डीके सिन्हा के नेतृत्व में की गई। इस दौरान प्रभारी रेंट शशिकला और अवध किशोर श्रीवास्तव मौजूद रहे।