फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सवा घंटे की बारिश से शहरवासी बेहाल

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
गोरखपुर। मंगलवार सुबह हुई सवा घंटे की बारिश से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत तो मिली, लेकिन परेशानी भी काफी झेलनी पड़ी। तेज हवाओं की वजह से कई इलाकों में पेड़ों की टहनियां टूट गईं और बैनर-पोस्टर उखड़ गए। सबसे ज्यादा दिक्कत बारिश के बाद हुए जलभराव ने खड़ी की।
सोमवार को जहां तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री ज्यादा था, वहीं मंगलवार सुबह झमाझम बारिश ने इसमें अच्छी खासी कमी ला दी। इससे लोगों ने राहत महसूस की। सुबह करीब छह बजे बारिश शुरू हुई, जो करीब सवा सात बजे तक होती रही। इस बारिश से गोलघर, बेतियाहाता, दाउदपुर, रेती रोड, विजय चौराहा, साहबगंज, धर्मशाला बाजार, रुस्तमपुर, महुई सुघरपुर, इलाहीबाग, गीताप्रेस, लालडिग्गी समेत शहर के विभिन्न इलाकों में घुटने तक पानी भर गया।
विज्ञापन


इलाहीबाग में लोगों ने किया हंगामा
बारिश के बाद जलभराव से इलाहीबाग में नाले का पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया। दुर्गंधयुक्त पानी से नाराज लोगों ने इलाहीबाग पंपिंग स्टेशन के पास हंगामा करते हुए सड़क पर पाइपलाइन रखकर जाम लगा दिया। लोगों का कहना था कि काफी समय से इलाहीबाग में पानी भरा हुआ है। गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इससे काफी दुर्गंध उठती रहती है। कई बार नगर निगम को जानकारी दी गई, लेकिन कोई हल नहीं निकाला। सुबह बारिश हुई तो नाली का पानी घरों तक पहुंचने गया। प्रदर्शन के दौरान सोनू मौर्या, सुरेंद्र कुशवाहा, विजेंद्र अग्रहरि, रोहन अग्रहरि, शुभम अग्रहरि, गोलू यादव आदि मौजूद रहे।

कुछ स्कूलों ने छुट्टी की
सुबह के वक्त बारिश होने से शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव हो गया। वहीं मूसलाधार बारिश की वजह से कुछ स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। एचपी स्कूल प्रबंधन की ओर से मैसेज के जरिए लोगों को छुट्टी की जानकारी दी गई। शहर के अन्य स्कूलों में भी छुट्टी कर दी गई।

46 किलोमीटर की रफ्तार से चली हवा
मंगलवार सुबह बारिश के साथ तकरीबन 46 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चली। इस हवा से तारामंडल रोड से आगे नीर निकुंज के पास रास्ते पर दो पेड़ गिर गए। सिविल लाइंस में रास्ते पर पेड़ गिरने से कुछ देर आवागमन बाधित रहा। सर्किट हाउस रोड पर होर्डिंग का स्ट्रक्चर गिरने से भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।

34 मिलीमीटर दर्ज हुई बारिश
मंगलवार को सवा घंटे में करीब 34 मिलीमीटर बारिश हो गई। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि सितंबर में कुल मिलाकर 232 मिलीमीटर बारिश होती है। ऐसे में तकरीबन 15 प्रतिशत बारिश सवा घंटे में ही हो गई। काठमांडू की तरफ से बने हवा के कम दबाव की वजह से गोरखपुर में बारिश हुई। यह हवा काठमांडू से होते हुए गोरखपुर, मऊ, आजमगढ़, बनारस, बलिया और आरा की तरफ निकल गई।

आज भी हो सकती है बारिश
कैलाश पांडेय ने बताया कि बुधवार को भी बारिश की संभावना है। हालांकि बारिश कम होगी, लेकिन गोरखपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में होगी। तापमान में थोड़ी गिरावट रहेगी।

आंधी-बारिश से गिरे खंभे, बिजली-पानी को तरसे
- कहीं तार टूटे तो कहीं ट्रांसफार्मर हुए खराब, 6 घंटे बिजली आपूर्ति रही ठप
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मंगलवार सुबह आई तेज आंधी-बारिश से बिजली आपूर्ति ध्वस्त हो गई। महानगर के आधा दर्जन उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में जर्जर खंभे, तार टूटकर गिर गए। कुछ जगहों पर ट्रांसफार्मर भी जल गए। सप्लाई ठप होने से 50 हजार से ज्यादा परिवारों की दिनचर्या प्रभावित हुई। प्रभावित परिवार सुबह से लेकर दोपहर लाइट आने तक बूंद-बूंद पानी के लिए तरस गए। सप्लाई ठप होने के बाद विभिन्न क्षेत्रों में दोपहर तक विभाग के कर्मचारी फाल्ट खोजकर उसे सही करते रहे, तब जाकर दोपहर 12 बजे तक आपूर्ति बहाल हो सकी। बेतियाहाता की नेहा पांडेय ने बताया कि पानी खत्म हो जाने से वह बच्चों को स्कूल नहीं भेज सकीं और खुद भी तैयार नहीं हो सकीं। वहीं तारामंडल इलाके के रिंकू ने बताया कि पानी खत्म हो जाने से बिना नहाए ही दफ्तर जाना पड़ा।
विज्ञापन


- ये इलाके रहे प्रभावित
यूनिवर्सिटी उपकेंद्र से जुडे डीएम आवास क्षेत्र, गोलघर, विजय चौक, काली मंदिर, टाउनहाल, पुर्दिलपुर, रेलवे स्टेशन रोड, सिंचाई विभाग कॉलोनी, दीवानी कचहरी और जिला अस्पताल, खोराबार उपकेंद्र के आवास विकास फीडर और रानीडीहा फीडर से जुड़े इलाके, दिव्यनगर, बसंत विहार, गायत्रीनगर, हरिओम नगर कॉलोनी, बक्शीपुर और गोरखनाथ उपकेंद्र से जुड़े मोहल्ले, दाउदपुर, रुस्तमपुर उपकेंद्र के बेतियाहाता फीडर से जुड़ी राय कॉलोनी, फलमंडी सहित कई मोहल्लों में सप्लाई ठप रही।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें