गोरखपुर।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया। सदर, कैंपियरगंज, बांसगांव और चौरीचौरा तहसील क्षेत्रों का पहले हवाई सर्वेक्षण किया, फिर स्टीमर से गांवों में जाकर राहत और बचाव कामों की जानकारी ली। साथ ही राशन भी बांटा। सीएम ने एलान किया कि जिन बाढ़ पीड़ितों के घर गिरे हैं, उन सबको सरकार की तरफ से 95 हजार 100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके सर्वेक्षण कराए जा रहे हैं। यह चौथा मौका है, जब सीएम गोरखपुर और बस्ती मंडल में बाढ़ के राहत-बचाव का जायजा लेने पहुंचे हैं। कुशीनगर, महराजगंज, बस्ती और सिद्धार्थनगर में जाकर राशन बांट चुके हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मानीराम से मोटरबोट पर सवार हुए और रामपुर गोपालपुर गांव पहुंचे। वहां बाढ़ पीड़ितों को गेहूं, चावल, दाल, नमक, भुना चना, मशाला, मोमबत्ती और माचिस दिया। मानीराम रेलवे स्टेशन के पास सीएम ने सिक्टौर और रहमतनगर के लोगों को राशन दिया। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों के राशन पर डाका डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बाढ़ पीड़ितों को पूरी मदद मिलेगी। केंद्र और राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है। कैंपियगंज के खडखडिया में राशन सामग्री देने के बाद सीएम ने कहा कि धन की कमी आड़े नहीं आएगी। जिला प्रशासन बिना भेदभाव के राहत, बचाव का काम करे। सीएम ने एक बार फिर दोहराया कि बाढ़ पीड़ितों का बिजली बिल माफ किया जाएगा। राजस्व वसूली भी नहीं होगी। उन्होंने हर गांव में नाव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। यह भी कहा है कि नुकसान का आकलन करके रिपोर्ट भेजी जाए ताकि फसल सहित अन्य नुकसान की भरपाई कराई जा सके।
1300 से ज्यादा मकान ध्वस्त
गोरखपुर जिला प्रशासन ने बाढ़ की विभीषिका झेलने वालों की जो रिपोर्ट तैयार की है, उसके मुताबिक अब तक 635 पक्के, कच्चे और 688 झोपड़ियां नष्ट हुई हैं। इन सबको आर्थिक सहायता देने का काम जल्द शुरू होगा।