संतकबीरनगर। समाज कल्याण विभाग की तरफ से 11 दिसंबर को आयोजित सामूहिक विवाह समारोह की तैयारी के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी र्गई है। आयोजन इस मायने में खास होगा कि नव दंपती को प्रशासन की तरफ से विदाई के सामान के अलावा एक-एक आम्रपाली प्रजाति के आम के पौधे व शौचालय निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र भी दिए जाएंगे। आयोजन की तैयारी में जुटे अधिकारियों की बैठक सोमवार को सुबह साढ़े दस बजे धनघटा रोड स्थित एक मैरेज हाल में बुलाई गई है।
प्रदेश सरकार की चर्चित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 11 दिसंबर को शहर के धनघटा रोड स्थित एक मैरेज हाल में कार्यक्रम का आयोजन होना है। इसमें 150 जोड़ों की शादी कराई जाएगी। समारोह के समन्वयक सीडीओ हाकिम सिंह ने बताया कि नव दंपती को उद्यान विभाग की तरफ से आम्रपाली प्रजाति के आम के पौधे दिए जाएंगे। इसके लिए डीएचओ व डीएफओ को जिम्मेदारी दी गई है। आम के पौधा धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी ठीक मानेे जाते हैं। इसके अलावा डीपीआरओ की तरफ से प्रत्येक दंपती को शौचालय निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र भी दिए जाएंगे। डीएम भूपेंद्र एस चौधरी ने सामूहिक विवाह समारोह को भव्य एवं सफल बनाने के लिए अफसरों को जिम्मेदारी दी है। एडीएम को पंजीकरण से लेकर सुरक्षा व कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। एसडीएम व सीओ भी सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहेंगे। सीडीओ सभी कार्य में समन्वय स्थापित करेंगे तो पीडी कंट्रोल रूम संभालेंगे। अधिशासी अधिकारी व तहसीलदार समेत कई महिला अफसर दुल्हनों की तैयारी तथा आपूर्ति अफसर व तहसीलदार जलपान का इंतजाम देखेंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी व अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विवाह संबंधी तैयारी देखेंगे। आयोजन स्थल मुख्य सड़क के किनारे होने के कारण अन्य वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू होगा। मेंहदावल बाईपास व विधियानी चौराहे से ही वाहनों का रास्ता बदला जाएगा। इसी तरह चकदही से बनकटवा होते हुए संजय पेपर मिल की तरफ गाड़ियों को मोड़ा जाएगा। सुबह 10 बजे से ही रूट डायवर्जन लागू रहेगा। कार्यक्रम स्थल तक निमंत्रण कार्डधारक एवं पास वालों के ही वाहन जाएंगे। इसके लिए प्रमुख चौराहों पर भी पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।