गोरखपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) गोरखपुर क्षेत्र की युवा संसद में बृहस्पतिवार को एक राष्ट्र एक चुनाव पर सहमति बनी। गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल के 10 जिलों से आए डॉक्टर, अधिवक्ता, सीए, उद्यमियों ने कहा कि बार-बार चुनाव से विकास कार्य बाधित होता है। भारी भरकम बजट खर्च किया जाता है। एक राष्ट्र एक चुनाव के मुद्दे पर युवाओं का बड़ा तबका सरकार के साथ आ सकता है।
गोरखपुर क्लब में हुए आयोजन के पहले सत्र में एक राष्ट्र एक चुनाव और दूसरे सत्र में भारत में विकास एवं चुनौतियों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंश, प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ला, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महामंत्री संगठन रत्नाकर, महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव और युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष रणजीत राय बड़े ने किया। प्रदेश अध्यक्ष ने संसदीय कार्यप्रणाली से संबंधित कुछ सवाल भी पूछे। कहा कि युवाओं को भाजपा से जोड़ने की मुहिम चल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच भारत को सशक्त, विकसित राष्ट्र बनाना है।
वह चाहते हैं कि एक साथ चुनाव हों ताकि खर्च के साथ समय की बचत की जा सके। चुनाव को उद्योग बनने और उसमें कालाधन खपाने से रोका जा सके। इस सोच को युवा यथार्थ में बदल सकते हैं। यूपी में ब्यूरोक्रेसी की कार्य संस्कृति बदली है। कार्यकर्ता अफसरों के साथ मिलकर सरकारी योजनाओं का लाभ गरीब, वंचितों तक पहुंचा रहे हैं। सपा, बसपा के 15 साल के कार्यकाल में ब्यूरोक्रेसी का राजनीतिकरण किया गया था। अफसर कानून, संविधान के हिसाब से काम नहीं कर रहे थे। अब ऐसा नहीं है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बदलाव के वाहक युवाओं ने ही 32 साल बाद केंद्र में मजबूत सरकार बनवाई है। लोकसभा चुनाव में भी भाजपा को एतिहासिक जीत मिलेगी। दोबारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे।
इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता समीर सिंह, विश्वजितांशु सिंह आशू, रमेश सिंह, मनोज त्रिपाठी, पवन यादव, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी बृजेश राम त्रिपाठी, विक्की कुकरेजा, रिषभ राय, बृजेशमणि मिश्र, ईशू चौरसिया, प्रमोद विश्वकर्मा, पुष्पदंत जैन, डॉ. विभ्राट चंद कौशिक, पार्षद आलोक सिंह विसेन, सूरज सोमवंशी, संतोष जायसवाल, अखिलदेव त्रिपाठी, हिमांशु श्रीवास्तव, मनमोहन सिंह, विवेकानंद, रानू शाही, यज्ञ त्रिपाठी, अभिजीत तिवारी बबलू, रितेश सिंह, राहुल तिवारी मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं के पास विजन और विचार
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं युवा मोर्चा प्रभारी डॉ. सत्येंद्र सिन्हा और मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष रणजीत राय बड़े ने कहा कि भाजपा का गठन लोकतांत्रिक तरीके से किया गया है। पार्टी नेताओं के पास विजन और विचार हैं। कांग्रेस, सपा और बसपा के साथ ऐसा नहीं है। लालू प्रसाद यादव और मुलायम सिंह यादव का समाजवाद अब जनता को नहीं चाहिए। जब यूपी में सपा की सरकार बनी थी तो परिवार के 67 लोगों को राजनीतिक लाभ दिए गए। भाजपा में बूथ, मंडल स्तर से होकर नेता संगठन या फिर सरकार का हिस्सा बनते हैं।
आरक्षण का कोई नया स्वरूप नहीं: डॉ. महेंद्र
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने ओबीसी आरक्षण में बंटवारे पर सवालों का जवाब दिया और कहा कि आरक्षण का कोई नया स्वरूप नहीं लागू होगा। जो आरक्षण है, उसका लाभ उसी संवर्ग के गरीब, वंचितों को प्राथमिकता पर मिले, इसकी व्यवस्था बनाई जा रही है। जो जातियां चिन्हित हैं, उसे किसी तरह का नुकसान नहीं होगा। एक सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को 2014 के लोकसभा चुनाव और 2017 के लोकसभा चुनाव में अति पिछड़ों का जबरदस्त समर्थन मिला था। यह सिलसिला आगामी लोकसभा चुनाव में बरकरार रहेगा।