गोरखपुर। शांति सेवा संस्थान की ओर से बुधवार को आयोजित पूर्वांचल हाफ मैराथन में बलिया के अनिल कुमार चैंपियन बने हैं। वहीं संतकबीरनगर के अनिल यादव को दूसरा और गोरखपुर के प्रदीप कुमार को तीसरा स्थान मिला है। 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन को कमिश्नर अनिल कुमार और पूर्व मेयर डॉ. सत्या पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर गोरखपुर यूनिवर्सिटी गेट से रवाना किया। रेस में कई प्रदेशों के धावक शामिल थे। शहर के कई मार्गों से होती हुई ये मैराथन वापस यूनिवर्सिटी गेट पर खत्म हुई।
धावकों के यूनिवर्सिटी गेट पर सुबह चार बजे से ही पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह 5:30 बजे तक धावकों का रजिस्ट्रेशन किया गया। उसके बाद 5:45 पर रेस शुरू हुई और 7:20 पर यूनिवर्सिटी गेट पर समाप्त हुई। मैराथन के विजेता बलिया के अनिल ने यह रेस एक घंटा 14 मिनट में पूरी की। वहीं एक मिनट बाद खलीलाबाद के मनोज यादव दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि गोरखपुर के प्रदीप यादव ने एक घंटा 19 मिनट में रेस पूरा कर तीसरा स्थान हासिल किया। इनके अलावा क्रमश: विकास कुमार , राजकिशोर यादव, मोहम्मद शाही, जितेंद्र राजभर, हरेंद्र चौहान, ऋषभ चौधरी और हरिकेश यादव ने भी मैराथन पूरा किया।
पूर्व मेयर डॉ. सत्या पांडेय और क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी एके पांडेय ने विजेता अनिल कुमार को प्रथम पुरस्कार के रूप में 51 हजार नकद, मनोज यादव को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 21 हजार और तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रदीप कुमार को 11 हजार का नकद पुरस्कार दिया। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष राजकुमार राय, बीसीडी चेयरमैन अमलेश पांडेय, डॉ. आशुतोष शुक्ला, संतोष मिश्रा, विपिन शुक्ला, रंजीत चतुुर्वेदी आदि मौजूद थे।