आमद का आखिरी इतवार गुजरा, आज आधी रात जन्म लेंगे प्रभु यीशु
चर्चों में हुए विभिन्न कार्यक्रम, मनमोहक ढंग से सजाए गए गिरजाघर
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। आमद के आखिरी इतवार पर शहर में विभिन्न आयोजन हुए। चर्चों में प्रभु यीशु मसीह के जन्म के उद्देश्य को याद किया गया। नैटिव प्ले, कैरोल सिंगिग, वाच नाइट आदि के बीच पूरे दिन रौनक रही। सोमवार की आधी रात वह पल आएगा, जब गोशाले में प्रभु यीशु मसीह जन्म लेंगे। 12 बजते ही ‘मेरी क्रिसमस’ गूंज उठेगा। क्रिसमस केक की मिठास से घर और चर्च का माहौल खुशनुमा हो जाएगा।
क्रिसमस के लिए शहर के चर्च सज चुके हैं। मसीही समाज प्रभु यीशु के जन्मोत्सव की खुशियों में डूब गया है। रविवार को शहर के विभिन्न चर्चों में आमद के अंतिम इतवार पर प्रार्थना के साथ वॉच नाइट का आयोजन हुआ। उधर, घरों की साज-सज्जा से लेकर केक बनवाने और क्रिसमस ट्री सजाने का काम चलता रहा। बाजार में काफी चहलपहल रही।
हुई प्रभु यीशु के जन्म की मुनादी
पीस टेर्बेनकल चर्च मयूर विहार में प्रार्थना के बाद बिशप जूलियस मुरार ने आगमन के चौथे इतवार पर प्रकाश डाला। सेंट जॉन चर्च बशारतपुर के स्कूल प्लेग्राउंड पर रविवार की शाम को क्रिसमस ट्री का आयोजन हुआ। सेंट मार्क चर्च स्टैनपुर पादरी बाजार व क्राइस्टचर्च शास्त्री चौक में चर्च के इंटरनल डेकोरेशन हुआ। मसीही कलीसिया चर्च खरैया पोखरा में बोन फायर का आयोजन हुआ। अन्य चर्चों में भी कार्यक्रम हुए। इस बीच शहर में कैरोल सिंगिंग के दौरान ‘आया मसीह चरनी में तू पापियों को बचाने को’ गीत गाकर प्रभु यीशु मसीह के जन्म की मुनादी की गई। इसमें बड़ी संख्या में मसीही समाज के लोग शामिल हुए।