गोरखपुर। राज्य पोषण मिशन के तहत शनिवार को ग्राम समृद्धि एवं स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत डीएम ने अपने गोद लिए गांव रामनगर करजहां में न सिर्फ स्वच्छता का संदेश दिया, बल्कि गोद भराई और अन्नप्रासन की रस्म भी निभाई।
शनिवार को डीएम राजीव रौतेला ने गोद भराई रस्म के तहत पूनम देवी, ममता, नीतू, फूला देवी, सुनीता को टोकरी भरकर फल एवं हरी सब्जियां तथा आयरन की गोली भेंट की। उन्होंने अन्नप्रासन के अंतर्गत गिरीश, शिल्पी, पायल, आकांक्षा को खीर खिलाकर उनके भोजन की शुरुआत की। साथ ही बचपन दिवस के तहत अनन्या, शिवन्या के जन्मदिन पर केक काटा और सभी बच्चों को खिलाया। लाडली दिवस के तहत 11 से 18 वर्ष की आरती, रंजू, अंजना, संध्या को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी किट भेंट की। वहीं ग्राम समृद्धि एवं स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि स्वच्छता अपनाने से हम स्वस्थ रह सकते हैं। ग्रामवासियों विशेष रूप से महिलाओं को उन्होंने आगाह किया कि खुले में शौच जाने से ही हम कई तरह की बीमारियों के शिकार होते हैं। इसलिए सभी अपने घर में शौचालय अवश्य बनवायें। उन्होंने सुनीता, सीमा, सरस्वती, शांति, देवंती, इंदिरा, मोलहु, रामदुलारे को शौचालय का स्वीकृति पत्र दिया और बीडीओ को समय से शौचालय निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने रामजतन तथा जोखन को ऋण माफी प्रमाण पत्र दिया। इस मौके पर सीडीओ अनुज सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमंत सिंह, एडीएम कृत्तिका ज्योत्सना, डीडीओ बब्बन उपाध्याय, पीडी यशवंत सिंह एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।