गोरखपुर। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की फरवरी के दूसरे सप्ताह में गोरखपुर में जनसभा हो सकती है। जिला कांग्रेस कमेटी जनसभा को ऐतिहासिक बनाने में जुट गई है। इसी सिलसिले में शनिवार को जिलाध्यक्ष राकेश यादव के नेतृत्व में तारामंडल रोड स्थित एक मैरेज लॉन में बैठक आयोजित की गई। कहा गया कि राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी की जीत से यह स्पष्ट हो चुका है कि लोगों ने मोदी सरकार को नकार दिया है। राकेश यादव ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि हमें आज से ही निष्ठा व लगन से जनसंपर्क में जुट जाना होगा।
जल्द ही बैठक कर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय हो जाएगी। जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का जल्द से जल्द गठन कर निष्ठावान और समर्पित लोगों को इसमें जगह दी जाएगी। पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. टीपी शाही, पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो, पूर्व प्रदेश सचिव अखिलेश शुक्ल ने भी बैठक को संबोधित किया। इस दौरान गोरखलाल श्रीवास्तव, डॉ. वीएस सिंह, हजारी लाल जायसवाल, संजय चौबे, डॉ. एसपी त्रिपाठी, महेंद्र मोहन तिवारी, डॉ. भानुप्रताप सिंह, मारकंडेय सिंह, रामनाथ निषाद आदि मौजूद रहे।