सिद्धार्थनगर। अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल यूपी के तीन खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार सम्मानित करेगी। मंगलवार को सूबे के खेल मंत्री चेतन चौहान ने यह एलान किया। पुरस्कार राशि पर जल्द ही मुख्यमंत्री निर्णय लेंगे।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित 171 जोड़ों के सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने आए जिले के प्रभारी मंत्री चेतन चौहान ने कहा कि अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप जीतकर भारतीय टीम ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। इस टीम में यूपी के तीन खिलाड़ियों का शामिल होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। यूपी सरकार जल्द ही इन खिलाड़ियों को सम्मानित करेगी।
मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद धनराशि का एलान किया जाएगा। महिला विश्व कप की उपविजेता टीम में शामिल सहारनपुर की दीप्ति शर्मा को प्रदेश सरकार ने आठ लाख रुपये का पुरस्कार दिया था। अंडर-19 टीम के खिलाड़ियों को भी ऐसे ही नकद पुरस्कार दिया जाएगा। अंडर-19 वर्ल्ड कप की 15 सदस्यीय भारतीय टीम में ऑलराउंडर शिवम मावी नोएडा और गेंदबाज शिवाजी सिंह मुरादाबाद के हैं। वहीं, बल्लेबाज आर्यन जुयाल मूल रूप से हल्द्वानी(उत्तराखंड) के हैं, मगर यूपी की तरफ से क्रिकेट खेलते हैं।