नौगढ रेलवे स्टेशन लोगों को संबोधित करते श्रीश्री रविशंकर
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक और आध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर ने बुधवार को बुद्ध भूमि को नमन करते हुए कहा कि महात्मा बुद्ध की क्रीड़ा भूमि से देश-दुनिया के अधिकाधिक लोगों को जोड़ेंगे। अयोध्या में आम सहमति से मंदिर निर्माण की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
गोरखपुर से बलरामपुर जाते समय श्रीश्री की विशेष ट्रेन पूर्वाह्न 11.43 बजे नौगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंची। यहां लोगों ने उनका भव्य अभिनंदन किया। कोच के गेट पर आकर श्रीश्री ने श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया और आशीर्वाद दिया। करीब सात मिनट तक ट्रेन यहां रुकी रही, मगर श्रीश्री प्लेटफार्म पर नहीं उतरे। उनके साथ सांसद जगदंबिका पाल भी मौजूद रहे। मीडिया से संक्षिप्त वार्ता में श्रीश्री ने कहा कि महात्मा बुद्ध के अहिंसा और शांति के संदेश को अपनाने की जरूरत है। इसके लिए वह पूरी दुनिया को बुद्ध सर्किट में लेकर आएंगे।
श्रीश्री रविशंकर के दर्शन के लिए स्टेशन पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं पहुंचे। उन्हें नियंत्रित करने के लिए पुलिस फोर्स मुस्तैद रही। इस दौरान डीएम कुणाल सिल्कू, सीडीओ अनिल कुमार मिश्र, एएसपी अरविंद कुमार मिश्र, एसडीएम डॉ.महेंद्र कुमार, सदर सीओ डीके सिंह, सदर एसओ डीके श्रीवास्तव, जोगिया एसओ हरिनारायण दीक्षित, संजय दुबे, दीपक दुबे सहित सदर विधायक श्यामधनी राही, चेयरमैन श्याम बिहारी जायसवाल, राजू सिंह, दयाराम लोधी आदि मौजूद रहे।