सिद्धार्थनगर। नौनिहालों को पोलियो से बचाने के लिए रविवार को अभियान चलाकर पोलियो ड्रॉप्स पिलाई गई। जिले के 1233 बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के कुल 5,74,570 बच्चों के सापेक्ष 1,93,325 को दवा पिलाई गई। छूटे बच्चों को सोमवार से घर-घर जाकर दवा की खुराक दी जाएगी।
जिला अस्पताल पर डीएम कुणाल सिल्कू ने बच्चों को दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने अभिभावकों का आह्वान किया कि बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए सभी बच्चों को दवा पिलाने से न चूकें। स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी विशेष दिवस पर छूटे बच्चों को डोर-टू-डोर जाकर दवा पिलाने को प्रेरित किया। इस मौके पर सीडीओ अनिल कुमार मिश्र, सीएमओ डॉ.वेदप्रकाश शर्मा, प्रभारी सीएमएस डॉ.अरविंद कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ.विजय कुमार, डीपीएम राजेश शर्मा, डॉ.संगीता पांडेय आदि मौजूद रहे।
ककरहवा प्रतिनिधि के अनुसार, एसएसबी ने सीमा पर चार बूथ बनाकर बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई। सीमा के रास्ते नेपाल से आने-जाने वाले प्रत्येक बच्चे को दवा पिलाई गई। ककरहवा टैक्सी स्टैंड, फसादीपुर गांव, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ककरहवा में भी बच्चों ने दवा पिलाई गई।
बांसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कैबिनेट मंत्री जयप्रताप सिंह ने नौनिहाल को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाई। उन्होंने इस अभियान में लगे जिम्मेदारों को लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बसंतपुर सीएचसी के अधीक्षक डॉ.नेहालूद्दीन, पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.अश्वनी चौधरी, डॉ.मनोज चौधरी, रतन शंकर चौधरी, रामप्रसाद वर्मा, वाईके द्विवेदी, कैलाश चंद्र, समय प्रसाद, जाफरी, बिंदू देवी, ईश्वर चंद्र दुबे, प्रभाष्कर राय आदि मौजूद रहे।