गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को शैक्षिक सत्र 2019-20 में 80 और शिक्षक मिलने का रास्ता साफ हो गया है। सोमवार को हुई प्रबंध बोर्ड की बैठक में शिक्षकों की नियुक्ति पर समिति ने मुहर लगाई है। पिछले दिनों राज्य सरकार ने शिक्षकों के 55 नए पदों का सृजन किया था। 25 शिक्षकों के पद खाली भी थे। नई नियुक्तियां हो जाने के बाद विश्वविद्यालय में शिक्षकों की संख्या लगभग दोगुनी हो जाएगी। इससे छात्र-शिक्षक अनुपात सुधरने के साथ ही पढ़ार्ई की गुणवत्ता भी बढ़ेगी।
स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित प्रबंध बोर्ड की 22वीं बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। इसमें शैक्षणिक पाठ्यक्रमों को सुचारू रूप से संचालित किये जाने हेतु विभिन्न विभागों में सृजित एवं रिक्त सहायक आचार्य, सह आचार्य एवं आचार्य पदों पर राज्य सरकार द्वारा जारी आरक्षण नियमावली के अंतर्गत नियुक्ति किये जाने के प्रस्ताव को पास किया। अब नौ जून को लखनऊ में कुलाधिपति की अध्यक्षता में राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की बैठक में रिक्त शैक्षणिक पदों को भरने के विषय पर चर्चा होगी।
चार नए विभागों पर मुहर
पीजी के नए पाठ्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए चार नए विभागों की स्थापना के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। भौतिकी एवं पदार्थ विज्ञान विभाग, गणित व वैज्ञानिक संगणन विभाग, रसायन एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग तथा मानविकी एवं प्रबंध विज्ञान विभाग की स्थापना के बाद विवि में अकादमिक विभाग बढ़कर 11 हो जाएंगे।
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।