कुशीनगर। दुदही ब्लॉक के ग्राम सभा अमवा दीगर में शुक्रवार को बुलाई गई खुली बैठक हंगामा के चलते निरस्त कर दी गई। हंगामा शांत कराने के लिए पुलिस कर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। गांव के लोगों ने अगली बैठक एसडीएम की मौजूदगी में कराने की मांग की।
अमवा दीगर गांव में शुक्रवार को खुली बैठक बुलाई गई थी। गांव के पंचायत भवन पर हुई इस बैठक में विकास कार्यों पर चर्चा के साथ ही राशन की दुकान का भी आवंटन होना था। परंतु बैठक में कोई वरिष्ठ अफसर मौजूद नहीं था। बैठक शुरू होने के साथ ही कोटे की दुकान के आवंटन को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में दुुकान आवंटन के मामले में पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। हंगामा की सूचना मिलने पर बरव ापट्टी पुलिस पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। माहौल एक बार शांत हुआ लेकिन जैसे ही बैठक की कार्रवाई शुरू हुई, फिर से हो हल्ला होने लगा। अंत में बैठक स्थगित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में मौजूद लोगों की मांग थी कि एसडीएम की मौजूदगी में कोटे की दुकान का आवंटन किया जाए। बैठक की अगली तारीख छह अक्टूबर तय की गई।