हैंसर(संतकबीरनगर)। धनघटा क्षेत्र के मुंडेरा शुक्ल गांव में भूमि विवाद को लेकर रविवार को पंचायत में दो पक्ष भिड़ गए। इसके बाद लाठी डंडे, ईंट-पत्थर चले। इसमें बीएसएफ कर्मी समेत नौ लोग घायल हो गए।
राम प्रवेश यादव का आरोप है कि गांव के गुलाब यादव व उनके परिवार ने गड्ढे की भूमि पर कब्जा कर रखा है। जिससे नाबदान का पानी गड्ढे में नही जा पा रहा था। तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देने पर 28 जून को प्रशासन की टीम ने पैमाइश कराई। इसके बाद बीएसएफ में सिपाही पद पर तैनात गुलाब के द्वारा अतिक्रमण को हटवा लिया गया। वह घर पहुंचे तो जमीन संबंधी विवाद के संबंध में बातचीत करने के लिए पंचायत बुलवाई गई। पंचायत में पूर्व जिला पंचायत सदस्य रविंद्र राय समेत तमाम लोग मौजूद थे। पंचायत में गुलाब ने कहा कि हटवाए गए अतिक्रमण से जो नुकसान हुआ है, उसका पैसा रामप्रवेश दें। पैसा देने से इंकार करने पर विपक्षी लाठी-डंडा लेकर उसके ऊपर टूट पड़े। उन्हें और परिवार के लोगों को लाठी-डंडे व ईंट पत्थर और बंदूक की बट से मारपीट कर गंभीर घायल कर दिया। मारपीट में रामप्रवेश के अलावा उनकी तरफ से कपिल, दुर्विजय, अमरावती, सुदामी व विमला घायल हो र्गइं। जबकि दूसरे पक्ष के गुलाब यादव का आरोप है कि पंचायत के दौरान रामप्रवेश व उनके पक्ष के लोगों ने पहले मारपीट शुरू की। जिससे गुलाब, कमलावती, सिंटू व मालती घायल हो गए। एसओ प्रदीप सिंह ने बताया कि दोनो पक्ष के घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद केस दर्ज किया जाएगा। गांव में शांति व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। कानून तोड़ने की कोशिश करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे।