गोरखपुर।
निजी लाभ के लिए शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कराने के आरोपी सेंट एंड्रूयूज कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जेके लाल के खिलाफ गोरखपुर यूनिवर्सिटी प्रशासन भी जांच कराएगा। मामले में एग्लिकन चर्च ऑफ इंडिया बिशप ऑफ लखनऊ की ओर से पूर्व में डॉ. जेके लाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस बाबत शनिवार के अंक में ‘अमर उजाला’ ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी।
उक्त खबर का संज्ञान लेते हुए रजिस्ट्रार शत्रोहन वैश्य ने प्रकरण की जांच कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि सोमवार को पूरा प्रकरण वीसी प्रो. वीके सिंह के समक्ष रखा जाएगा। उक्त मामले में सेंट एंड्रयूज पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जेके लाल के खिलाफ शुक्रवार को कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। एग्लिकन चर्च ऑफ इंडिया बिशप ऑफ लखनऊ की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया था कि सेंट एंड्रयूज पीजी कॉलेज में जूलोजी, बॉटनी, फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथमेटिक्स सहित कई विषयों में शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया में प्राचार्य ने यूनिवर्सिटी को अंधेरे में रखकर अनुमोदन हासिल किया। अब यूनिवर्सिटी की ओर से भी जांच शुरू होने के बाद प्राचार्य की मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही हैं। माना जा रहा है कि सोमवार को कुलपति मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर सकते हैं।