महराजगंज/फरेंदा। आजमगढ़ में जहरीली शराब से मौत के बाद शासन के निर्देशानुसार आबकारी अधिकारी के आदेश पर छापेमारी की गई। फरेंदा क्षेत्र के कच्ची शराब के ठिकानों पर छापेमारी में भारी मात्रा में कच्ची शराब व बनाने के उपकरण बरामद कर दर्जनों शराब की भट्ठियां तोड़ी गईं। एसएसटी प्रभारी रामपाल यादव, आबकारी इंस्पेक्टर बसंत प्रसाद, संदीपनाथ त्रिपाठी व एसओ फरेंदा चंद्रेश यादव के नेतृत्व में फरेंदा थाना क्षेत्र के परगापुर, नगेसरापुर और अलहदिया महदेवा के घोड़सारे गांव में कच्ची शराब के अड्डे पर रविवार को छापेमारी की गई। छापे के दौरान 125 लीटर कच्ची शराब और 10 क्विंटल लहन बरामद की गई। टीम ने एक दर्जन से ज्यादा कच्ची शराब की भट्ठियां तोड़ दी। गांव में टीम को आता देख कर सभी धंधेबाज गांव छोड़ कर फरार हो गए। मौके से दो धंधेबाजों को पकड़ कर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई। आबकारी विभाग ने बताया कि कच्ची शराब बनने व बेचने की सूचना मिलते ही छापेमारी की कार्रवाई की जाती है। अभियान चला कर सभी कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान गजेंद्र पांडेय, संतोंष सिंह, वीरेंद्र मणि त्रिपाठी, अरविंद त्रिपाठी, दरोगा यादव, बृजगोपाल यादव, अवधेश तिवारी, दिनेश पांडेय, मनीष गौड़ आदि रहे।
आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कोतवाली क्षेत्र में अभियान चलाकर देशी शराब के सात भट्ठियों के साथ ही पांच कुंतल लहन और तीस लीटर कच्ची शराब नष्ट किया गया। रविवार को सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के भिटौली टोला मठीयाडीह में सीओ सदर एमपी सिंह के नेतृत्व में पुलिस और अबकारी विभाग की टीम ने छापा डाला तो यहां देशी शराब बनाने वाले सात भट्ठियों के साथ ही पांच कुंतल लहन और तीस लीटर कच्ची शराब नष्ट किए गए। यहां से कोई गिरफ्तार नहीं हुआ। इस मौके पर अबकारी इंस्पेक्टर जिला जीत सिंह सदर कोतवाल अनुज कुमार सिंह व चौकी प्रभारी भिटौली टीपी शाही, आबकारी इंस्पेक्टर जिलाजीत सिंह, विनीत कुमार, राहुल कुमार के अलावा तमाम पुलिस बल तैनात रहे।
परतावल प्रतिनिधि के अनुसार श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के लगड़ी में मुखबीर के सूचना पर रविवार को शाम 6 बजे के करीब इंस्पेक्टर श्रीकांत राय और आबकारी निरीक्षक जिलाजीत सिंह की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 105 लीटर कच्ची शराब बरामद कर एक कुंतल लहन नष्ट किया गया। रविवार की शाम को टीम लगड़ी गांव में छापेमारी कर के 105 लीटर कच्ची शराब बरामद कर एक कुंतल लहन नष्ट किया। साथ ही गांव के ही हरिश्चंद्र ,महेश और गब्बर को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत चालान कर दिया। इस संबंध में इंस्पेक्टर श्यामदेउरवा श्रीकांत राय ने बताया कि लगड़ी में दबिश देकर 105 लीटर कच्ची शराब के साथ तीन अभियुक्तो को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत चालान कर दिया गया।