अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। रक्सौल से दिल्ली जा रही सत्याग्रह एक्सप्रेस की तीन बोगियों की शनिवार रात एसी खराब होने से नाराज यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। आरपीएफ ने मौके पर पहुंच कर यात्रियों को शांत कराया। रेलवे स्टॉफ ने खराबी ठीक करने की कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
सत्याग्रह एक्सप्रेस शनिवार को गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म छह पर आई। ट्रेन जैसे ही रुकी, एसी थ्री कोच की तीन बोगियों के एसी ने काम करना बंद कर दिया। यात्रियों ने इसकी शिकायत कोच अटेंडेंट से की। कोच अटेंडेंट से मिली सूचना पर गार्ड ने कंट्रोल रूम से खराबी ठीक कराने को कहा। कुछ देर तक इंतजार करने के बाद यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया और कुछ यात्रियों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इसी बीच आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर जगत नरायण मिश्र के साथ जवान भी पहुंच गए। आरपीएफ ने यात्रियों को समझा बुझाकर शांत कराया। फाल्ट ठीक नहीं हुआ था कि ट्रेन चलने लगी। इस पर यात्रियों ने चेन पुलिंग कर दी, जिससे ट्रेन आउटर पर रुक गई। लेकिन इसके बाद भी खराबी ठीक किए बिना ही ट्रेन को रवाना कर दिया गया। भीषण गर्मी में एसी न चलने से यात्री परेशान रहे।
- सत्याग्रह एक्सप्रेस के तीन कोच के एसी खराब, हंगामा
- स्टेशन पहुंचते ही थ्री टियर के तीनों कोच का एसी खराब हुआ
- खराबी को ठीक कराए बिना ही ट्रेन कर दी गई रवाना