बांसी (सिद्धार्थनगर)। रानीगंज तिराहे के पास सोमवार को बाजार से लौट रहे बाइक सवार दो युवकों की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया।
हरैया घाट गांव निवासी ध्रुवचंद उर्फ छोटू (28) और सागर (30) एक ही बाइक से रानीगंज बाजार आए थे। लौटते समय दोनों रानीगंज मुख्य तिराहे पर नौगढ़ की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। उनकी बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई। पुलिस ने दोनों युवकों को बांसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक लेकर भाग रहे चालक को कोतवाल शैलेश कुमार सिंह ने माधव बाबू चौक के पास पकड़ा। ट्रक ड्राइवर अजय यादव ग्राम कसलिया थाना मुंडेरवा जनपद बस्ती का निवासी है।