गोरखपुर। पत्नी से अवैध संबंध के शक में प्रेमी की हत्या करने जा रहे एक युवक को पुलिस ने वारदात करने से पहले ही पकड़ लिया। उसके पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद हुआ। कंट्रोल रूम में आई सूचना के बाद पुलिस ने अगर तत्परता न दिखाई होती तो शायद युवक की जान चली जाती। पुलिस की न सिर्फ एसपी ने तारीफ की बल्कि एसएसपी ने भी पीठ थपथपाई। मामला झंगहा के जद्दपुर गांव का है।
गांव के जनार्दन निषाद को अपनी पत्नी पर पास के ही एक युवक से प्रेम संबंध होने का शक था। ऐसे में मंगलवार की रात उसने उसकी हत्या करने की योजना बनाई। इसके लिए वह कहीं से तमंचा और कारतूस भी ले आया। गांव में कुछ लोगों से उसने इसकी चर्चा भी कर दी। इन्हीं में से किसी ने समय रहते पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर दिया। आम तौर पर लोग पुलिस कंट्रोल रूम को झूठी सूचना भी दे देते हैं, लेकिन इस सूचना को पुलिस ने गंभीरता से लिया और तत्काल गांव पहुंच गई। बताए गए युवक को जब पुलिस ने पकड़ा और तलाशी ली तो उसके पास तमंचा और कारतूस मिला। पुलिस की सक्रियता से एक युवक की जान बच गई। एसपी नार्थ रोहित सजवाड़ का कहना है कि पुलिस ने सराहनीय काम किया है। अक्सर कंट्रोल रूम में सूचनाएं भी आती है और पुलिस ध्यान नहीं देती, लेकिन इस मामले में पुलिस की सतर्कता से एक युवक की जान बच गई।