कुशीनगर। ईयरफोन का शौक और बिना सोचे-समझे सेल्फी लेने की लापरवाही दो युवकों के लिए जानलेवा साबित हुई। सोमवार की सुबह करीब दस बजे छितौनी-बगहां रेल पुल पर ईयरफोन लगाकर सेल्फी ले रहे दो युवकों की पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ जाने से मौत हो गई। दोनों नेपाल के नवलपरासी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि छितौनी-बगहां रेल पुल पर दोनों युवक ईयरफोन कान में लगाए मोबाइल से सेल्फी ले रहे थे। इसी बीच गोरखपुर से नरकटियागंज जा रही सवारी गाड़ी छितौनी-बगहां पुल पर पहुंच गई। दोनों युवक इस ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनके शरीर के कई टुकड़े हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने क्षत-विक्षत शवों को कब्जे में लिया। काफी प्रयास के बाद इनमें एक की पहचान शिवेंद्र कुर्मी उम्र 20 वर्ष और दूसरे की धनेश 22 वर्ष निवासी पकलियहवा जिला नवलपरासी, नेपाल के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बिहार के पिपरपाती गांव में अपने किसी रिश्तेदार की मृत्यु की सूचना मिलने पर आए थे। मृतकों में एक के शरीर पर जो बनियान थी, उस पर ‘तरुणल क्षेत्र नंबर-6, नवलपरासी नेपाल के बरगद चुनाव चिह्न के पक्ष में मतदान करने की अपील’ लिखा था। उनके शव के पास से दो मोबाइल फोन नेपाल और भारत के चार सिमकार्ड बरामद हुए हैं।