राप्तीनगर उपकेंद्र पर नए उपकेंद्र के निर्माण के लिए भूमि पूजन हुआ।
- फोटो : Amar Ujala
राप्तीनगर सबस्टेशन परिसर में रविवार को बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर ने नए उपकेंद्र की आधारशिला रखकर गोरखपुर-बस्ती मंडल के लिए (इंटीग्रेटेड पावर डेवलपमेंट स्कीम) आईपीडीएस योजना का उद्घाटन किया। इस उपकेंद्र के निर्माण से जहां राप्तीनगर उपकेंद्र का लोड कम होगा, वहीं आसपास के मोहल्लों के लोगों को बेहतर बिजली सप्लाई की सुविधा मिलेगी। योजना के तहत दोनों मंडलों के विभिन्न जिलों में 14 नए उपकेंद्र बनेंगे और 16 की क्षमता बढ़ाई जाएगी।
पावर कारपोरेशन ने आईपीडीएस के तहत शहरवासियों को बेहतर बिजली देने की कवायद शुरू की है। रविवार को राप्तीनगर उपकेंद्र परिसर में एक और नए उपकेंद्र के निर्माण के लिए भूमिपूजन हुआ। मुख्य अभियंता एके सिंह और अधीक्षण अभियंता एके सिंह की मौजूदगी में एसडीओ वाईके चतुर्वेदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कराया। तीन करोड़ की लागत से यह उपकेंद्र करीब छह माह में तैयार होगा।
बिजली अधिकारियों का कहना है कि इससे उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी। उपकेंद्र की नींव रखने के साथ ही इस वित्तीय वर्ष के लिए गोरखपुर और बस्ती मंडल के लिए 86 करोड़ की आईपीडीएस योजना का शुभारंभ हुआ। भूमिपूजन कार्यक्रम में अशोक कुमार, सहायक अभियंता आकांक्षा जायसवाल, जेई संतोष चौधरी, प्रदीप दुबे, राघवेंद्र द्विवेदी, बृजेश त्रिपाठी, अमित श्रीवास्तव आदिइ मौजूद थे।
योजना के तहत होंगे ये काम
आईपीडीएस योजना के तहत गोरखपुर-बस्ती मंडल में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 14 नए सबस्टेशन बनेंगे। साथ ही 16 उपकेंद्रों की क्षमता का विस्तार होगा। परिवर्तकों के क्षमता विस्तार, नए परिवर्तक लगाने, 46 भूमिगत केबल बिछाने आदि के काम होंगे। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मौजूद कार्यदायी संस्था के मुख्य प्रबंधक जीजीएस स्वाइन ने समयावधि के भीतर काम पूरा करने की बात कही।