सीएम के शहर में पॉवर कट ने शहरियों का संडे बर्बाद कर दिया। लोगों ने छुट्टी आराम से घर पर बिताने की सोच रखी थी, मगर बिजली कटौती के चलते समय काटना मुश्किल हो गया। आधे शहर के विभिन्न मोहल्लों में लोग पूरे दिन गर्मी से परेशान रहे। कई घरों में फ्रिज में रखे खाद्य पदार्थ लंबी कटौती के चलते खराब हो गए। कहीं जरूरी काम के नाम पर सूचना देकर बिजली काटी गई थी तो कहीं बिना बताए ही बत्ती गुल की गई।
शहर के रुस्तमपुर, शाहपुर, सूरजकुंड, दुर्गाबाड़ी, तारामंडल, बक्शीपुर और लालडिग्गी उपकेंद्रों से जुड़े लोगों को दिन में घोषित कटौती ने रुलाया तो शाम को अघोषित कटौती से कई क्षेत्रों में लोग परेशान हुए। कहीं हाईटेंशन तार बदलने के लिए तो कहीं अन्य जरूरी काम के लिए शटडाउन रहा। चार बजे इन उपकेंद्रों की सप्लाई बहाल करने की घोषणा बिजली महकमे के अधिकारियों ने की थी। सप्लाई चालू तो हुई लेकिन बिजली की आंखमिचौली से दुश्वारियां कम न हुईं। तारामंडल में 4:58 बजे तक बिजली गुल रही। 6:45 और 7:25 बजे भी बिजली गुल हुई। साकेतनगर के राहुल ने बताया कि दिन भर बिजली गुल रहने से फ्रिज में रखा पनीर और आटा खराब हो गया। यूनिवर्सिटी के टाउनहाल फीडर की सप्लाई हाईटेंशन लाइन पर पेड़ की डाल गिरने के चलते साढ़े तीन बजे से पौने छह बजे तक गुल रही।
नौसड़ में पूरे दिन अघोषित कटौती
ऊर्जा मंत्री की ओर से कटौती की पूर्व सूचना देने को लेकर की गई सख्ती का असर बिजली निगम के अफसरों पर नहीं दिख रहा। नौसड़ इलाके के लोगों को सोमवार को अफसरों की इसी मनमानी के चलते पूरे दिन सांसत झेलनी पड़ी। नौसड़ उपकेंद्र की बिजली बिना पूर्व सूचना के सुबह 10:25 पर काट दी गई। लोग सप्लाई बहाल होने का इंतजार करते रहे, लेकिन पूरे दिन बिजली के लिए तरसना पड़ा। शाम 5 बजे तक लोगों को बिना बिजली के सांसत झेलनी पड़ी। इस बीच लोग बिजली गुल होने का कारण जानने के लिए परेशान रहे।
रुस्तमपुर, लालडिग्गी, सूरजकुंड में 6 घंटे रहेगी बिजली गुल
महानगर के सूरजकुंड, दुर्गाबाड़ी, रुस्तमपुर और लालडिग्गी उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में सोमवार को भी छह घंटा बिजली कटी रहेगी। सूरजकुंड और दुर्गाबाड़ी में 33 केवी लाइन के दोहरीकरण का काम होगा तो वहीं रुस्तमपुर और लालडिग्गी में हाईटेंशन लाइन के जर्जर तार बदले जाएंगे। इसके चलते सुबह 10 से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रहेगी। इन उपकेंद्रों से जुड़े उपभोक्ता सुबह पानी भरने के साथ ही बिजली से होने वाले दूसरे काम निपटा लें। अन्यथा पूरे दिन दिक्कत झेलनी पड़ेगी। राप्तीनगर उपकेंद्र के रेल विहार फ ीडर से जुड़े मोहल्लों में सोमवार को सुबह 10 से शाम 4:30 बजे तक बिजली ठप रहेगी। इस दौरान ट्रांसफॉर्मर्स के फ्यूज की मरम्मत की जाएगी।