गोरखपुर। राष्ट्रपति से 127 करोड़ की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कराने की तैयारी है। डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि इसका प्रस्ताव मुख्यमंत्री को भेजा गया है। वहां से अभी स्वीकृति नहीं मिली है पर प्रशासन तैयारियां पूरी करने में जुटा है।प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक इनमें 15.52 करोड़ की लागत से एनेक्सी भवन, 2.10 करोड़ से आबकारी भवन, 28.07 करोड़ से रोहिन नदी पर गाढ़ासाड पहुंच मार्ग, 19.55 करोड़ से 100 बेड का एमसीएच विंग, 7.17 करोड़ से स्पोर्ट्स हास्टल में एस्ट्रोटर्फ निर्माण, 5.22 करोड़ से कुश्ती हाल का निर्माण कार्य व सुविधाएं, 10.77 करोड़ से मेडिकल कॉलेज में 50 बेड का महिला छात्रावास तथा 11.85 करोड़ से मेडिकल कॉलेज में 100 बेड का पुरुष छात्रावास आदि काम शामिल हैं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शहर में 18 घंटे 35 मिनट रहेंगे। वह नौ दिसंबर को शाम 4:55 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से सीधे सर्किट हाउस जाएंगे। शाम सात बजे से लेकर आठ बजे तक का उनका समय आरक्षित है। भोजन और सर्किट हाउस में विश्राम के बाद 10 दिसंबर को सुबह 9:15 बजे वह सर्किट हाउस से गोरखनाथ मंदिर रवाना होंगे। वहां 10 से 11 बजे तक महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के संस्थापक समापन समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद 11:30 बजे एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने दो चरणों में विभिन्न विभागों के अफसरों के साथ बैठक कर उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपने के साथ ही रूट का भी निरीक्षण किया। सड़कों की सफाई और सजावट का काम शुरू हो गया है।