पुलिस लाइन में डीआईजी को स्मृति चिह्न देते व्यापारी।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। डीआईजी रेंज राकेश चंद्र साहू ने शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में जनप्रतिनिधियों-व्यापारियों संग बैठक की। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने और भयमुक्त माहौल स्थापित करने के लिए सुझाव भी मांगे। बैठक के दौरान व्यापारियों ने जाम से मुक्ति दिलाने और चौराहों-तिराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के सुझाव दिए। रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग भी की गई।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि नगर के मुख्य मार्गों पर जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। पटरियों पर आड़े-तिरछे वाहन खड़े होने व चौराहों-तिराहों पर टेंपो चालकों की मनमानी से यह दिक्कत हो रही है। जाम से सबसे ज्यादा प्रभावित बैंक रोड, खजुरिया रोड, सिद्धार्थ तिराहे का क्षेत्र है। इसका असर व्यापार पर भी पड़ रहा है। व्यापार की बेहतरी के लिए ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ कराने की जरूरत है। नगर अध्यक्ष राजकुमार सोनी ने प्रत्येक चौराहे-तिराहे पर सीसीटीवी कैमरे निगरानी किए जाने की मांग की। कहा कि पुलिस-प्रशासन अपने स्तर से यह व्यवस्था करे। कुछ स्थानों पर कैमरे लगे भी हैं, लेकिन वह चालू नहीं। इसके अलावा व्यापारियों ने बार्डर क्षेत्र में प्रत्येक पोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी चालू कराने को कहा, जिससे वाहनों व संदिग्धों की आवाजाही पर बेहतर ढंग से निगरानी रखी जा सके। रात्रि गश्त बढ़ाने की भी मांग की गई।
डीआईजी ने एसपी डॉ.धर्मबीर सिंह को निर्देश दिया कि जाम के समाधान के लिए ट्रैफिक पुलिस को चुस्त करें। प्रत्येक थानों की पुलिस रात्रि गश्त में तेजी लाए, इसका खुद भी औचक निरीक्षण कर सत्यापन करें। व्यापारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस उन्हें भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराएगी। वे निडर होकर व्यापार करें। यहीं नहीं अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस ने सहयोग मांगा। बैठक में शोहरतगढ़ विधायक चौधरी अमर सिंह, शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामकुमार कुंवर, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम बिहारी जायसवाल, भीमचंद कसौधन, श्रीचंद्र कश्यप, हरेराम मिश्र, प्रमोद जायसवाल आदि मौजूद रहे।