सिद्धार्थनगर/ बढ़नी। अंडर-17 भारतीय महिला वॉलीबॉल टीम में प्रदेश की दो लड़कियों का चयन हुआ है। इनमें बढ़नी की रहने वाली रिया श्रीवास्तव भी शामिल हैं। वह 20 से 27 मई तक थाईलैंड में होने वाली एशियन वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम का हिस्सा होंगी। रिया की इस उपलब्धि से उनके परिवार सहित पूरे क्षेत्र के लोगों में खुशी है।
बढ़नी के लोहियानगर वार्ड निवासी अनिल श्रीवास्तव की बेटी रिया गोरखपुर वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज की छात्रा हैं। रिया ने प्रदेश स्तर पर कई बार वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। अब उनका चयन अंडर 17 भारतीय महिला वॉलीबॉल टीम में हुआ है। उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल संघ के कोषाध्यक्ष मो. इब्राहिम ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को 15 से 19 मार्च तक पटियाला (पंजाब) में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। भारतीय टीम 20 से 27 मई तक 12वीं एशियन वॉलीबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी।
रिया के भारतीय महिला वॉलीबॉल टीम में चयन पर क्षेत्र के हरिओम पांडेय, सुनील तिवारी, राजेश दुबे, राजू शाही, अजय गुप्ता, ओंकार, सगीर खाकसार, करम हुसेन इद्रीशी, लालता प्रसाद चतुर्वेदी, इरशाद अहमद, अब्दूल मन्नान आदि ने खुशी जताई है।