गोरखपुर। बढ़ते रेल हादसों ने चिंतित रेलवे ने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए संरक्षा और सुरक्षा पर रेलकर्मियों से सुझाव मांगे हैं। इसके लिए स्टेशनों पर गार्ड केबिन और डीजल लॉबी पर सुझाव बॉक्स भी रखे गए हैं। बेहतर सुझाव को अमल में लाने की तैयारी है।
रेलवे बोर्ड के चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालने के बाद अश्विनी लोहानी ने अब व्यावहारिक दिक्कतों को महसूस करते हुए इसे एजेंडे में शामिल करने की योजना बनाई है। इसी क्रम में ट्रेन और मालगाड़ी को चलाने में सबसे अहम भूमिका निभाने वाले गार्ड और ड्राइवर के अलावा रनिंग स्टॉफ से भी सुझाव मांगे गए हैं। सूत्रों की मानें तो कुछ रेलकर्मियों ने ट्रैक की मॉनीटरिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने का सुझाव दिया है तो कुछ ने मानक के अनुरूप ही काम कराने की सिफारिश की है। वहीं आल इंडिया गार्ड काउंसिल वाराणसी मंडल के सचिव शीतल प्रसाद के नेतृत्व में गार्ड ने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन को पत्र भी लिखा है, जिसमें गार्ड को ड्यूटी के पहले आराम के साथ ही रनिंग रूम में मांसाहारी भोजन की मांग की है। पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में नसीमुर्रहमान, जीके तिवारी, अरविंद सिंह, पंकज राय, जीवीएस तिवारी, वीरेंद्र कुमार, बृजभूषण मल्ल शामिल हैं।