गोरखपुर। रेलवे ने तत्काल टिकट के रिफंड में 50 फीसदी किराया देने का नियम लागू किया है, लेकिन रेल प्रशासन के पास अभी तक कोई सर्कुलर न आने और रिफंड के लिए किसी यात्री द्वारा आवेदन नहीं करने से भ्रम की स्थिति बनी हुई है। कुछ ऐसी ही स्थिति ई-टिकट की भी है। आईआरसीटीसी के अधिकारी भी नियम को लेकर संशय में हैं।
तत्काल के कन्फर्म टिकट के रिफंड पर किराए की वापसी नहीं थी। रेलवे ने एक जुलाई से यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए कन्फर्म टिकट के रिफंड पर भी 50 फीसदी किराया वापस करने का नियम लागू कर दिया, लेकिन रिफंड को लेकर गाइड लाइन नहीं आई। क्रिस ने रेलवे की वेबसाइट पर बदलाव किया है कि नहीं, रिफंड न होने से असमंजस की स्थिति बनी रही। रविवार को आरक्षण केंद्र पर तत्काल टिकट तो बने लेकिन रिफंड के लिए एक भी आवेदन नहीं आया। कामर्शियल शाखा के अधिकारी भी रेलवे की वेबसाइट पर सर्कुलर खंगालते रहे। वहीं आरक्षण केंद्र पर बुकिंग क्लर्क बता पाने की स्थिति में नहीं थे कि रिफंड का नियम लागू हो गया है या नहीं। आईआरसीटीसी के रीजनल मैनेजर अश्वनी श्रीवास्तव ने कहा कि अभी तक बदलाव को लेकर कोई गाइड लाइन नहीं है। रिजर्वेशन को लेकर पहले जैसी व्यवस्था लागू है।