गोरखपुर। अक्षय तृतीया के पावन मौके पर सूरज की तपिश में आभूषण बाजार खूब निखरा। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार शहर के लोगों ने जमकर खरीदारी की। स्वर्ण व्यवसायी बीते साल की तुलना में 10 प्रतिशत ज्यादा खरीदारी होने से काफी खुश हैं। कमोबेश यही स्थिति कार, बाइक, मोबाइल फोन बाजार की भी रही। सुबह से शाम तक खरीदारी का दौर चलता रहा।
धार्मिक एवं पौराणिक मान्यता के अनुसार अक्षय तृतीया पर आभूषणों की खरीदारी काफी शुभ मानी जाती है। ऐसे में शहर के तमाम स्वर्ण व्यापारियों ने कई तरह के ऑफर भी दिए थे। हालांकि वो इस बात को लेकर भी आशंकित थे कि चुनाव में नकदी लेकर चलने पर कई तरह की पाबंदियां होने से खरीदारी कम होगी, लेकिन ऐश्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स के डायरेक्टर अतुल सराफ और अनूप सराफ ने बताया कि इस बार पिछले साल की तुलना में 10 प्रतिशत ज्यादा बिक्री हुई है। प्री बुकिंग करने पर बुकिंग तिथि से अक्षय तृतीया के बीच जिस दिन सोने का भाव सबसे कम था, ग्राहकों को उस रेट पर आभूषण दिए गए। मर्तिया ज्वेलर्स के उत्कर्ष मर्तिया ने बताया कि अक्षय तृतीया के दिन कारोबार अच्छा हुआ। बेचू लाल विनोद कुमार, ठाकुर प्रसाद, लावण्या ज्वेल्स पर भी खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही।
डीपी मोटर्स देवरिया रोड के प्रोपराइटर नितिन मातनहेलिया ने बताया ऑफर की वजह से अक्षय तृतीया के मौके पर अच्छी बिक्री हुई है। प्रतिष्ठान की ओर से बाइक या स्कूटी की खरीद पर ग्राहकों को चांदी का सिक्का और 15 सौ रुपये की कलाई घड़ी दी गई। यह योजना अभी शुक्रवार तक चलेगी। बलदेव प्लाजा गोलघर में मोबाइल के विक्रेता दिनेश मोदी ने कहा कि सामान्य दिनों के मुकाबले अक्षय तृतीया पर मोबाइल फोन की अच्छी बिक्री हुई है।
नोट: आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।