गोरखपुर। सहरसा से नई दिल्ली जा रही वैशाली एक्सप्रेस के फर्स्ट क्लास का एसी का प्रारंभिक स्टेशन से ही फेल हो गया। भीषण गर्मी में परेशान यात्रियों की शिकायत पर गोरखपुर से पहले दो स्टेशन पर इसे ठीक करने की भी कोशिश की गई। ट्रेन गोरखपुर स्टेशन पहुंची तो यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। काफी कोशिश के बाद भी फाल्ट ठीक न होने पर सेकेंड एसी का कोच लगाकर ट्रेन को दो घंटे बाद रवाना किया गया।
गोरखपुर पहुंची वैशाली एक्सप्रेस से आए आए यात्रियों ने बताया कि कंट्रोल रूम को कई बार शिकायत करने के बाद भी फाल्ट ठीक नहीं हो पाया। पूरे रास्ते गर्मी ने बेहाल कर दिया। गोरखपुर स्टेशन पर हंगामे के बाद यात्री मित्र कार्यालय की सूचना पर पहुंचे मैकेनिक ने फाल्ट को चेक किया। काफी देर तक कोशिश करने के बाद जब एसी नहीं चला तो इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई। एसी फर्स्ट का कोच उपलब्ध न होने के चलते फिर एसी सेकेंड कोच लगाने का निर्णय लिया गया। यात्री मित्र कार्यालय पर तैनात उप स्टेशन अधीक्षक वाणिज्य ने बताया कि कोच बदलकर दूसरा कोच लगाकर ट्रेन को रवाना किया गया है।
नोट: आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।