सिद्धार्थनगर। हेलमेट पहनने की आदत नहीं है तो इसे डाल लें। अगर पुलिस कार्यालय व थानों में किसी काम से बाइक से यहां पहुंचे और आपने हेलमेट नहीं लगा रखा है तो आपको प्रवेश में दिक्कत होगी। बाइक चलाते समय सड़क हादसों में बढ़ रही मौतों की संख्या को देखते हुए एसपी ने इस नियम को अमल में लाने का निर्देश दिए हैं।
यातायात नियमों का सही तरह से पालन न होने की वजह से सड़क हादसे आए दिन बढ़ रहे हैं। इसमें सर्वाधिक बाइक सवार होते हैं। अधिकांश में मामलों में ये लोग बिना हेलमेट के होते हैं। जागरूकता अभियानों के बाद भी लोग हेलमेट नहीं पहन रहे हैं। ऐसे में अधिक से अधिक लोग हेलमेट पहने और यातायात नियमों का पालन करें। इसके लिए एसपी ने नई कवायद शुरू की है।
अब पुलिस कार्यालय व थानों में अगर शिकायत करने के लिए कोई बाइक से आता है और हेलमेट नहीं पहने है तो उसके प्रवेश नहीं मिल सकेगा। काम होने में भी कठिनाई होगी। पुलिस यह इसलिए करेगी कि लोग हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाएं। एसपी डॉ. धर्मबीर सिंह ने बताया कि यह प्रयोग पहले अपने कार्यालय व थानों से करेंगे। रिस्पांस के आधार अन्य कार्यालयों में भी व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे बाइक चलाते समय लोग हेलमेट जरूर पहने।