सिद्धार्थनगर। निर्माणाधीन ककरहवा-रुधौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों को अभी और दिक्कतें झेलनी पड़ेंगी। कारण कि कार्यदाई संस्था ने सड़क का निर्माण करने से इन्कार कर दिया है। अब नया टेंडर होने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो पाएगा। इसमें भी कई माह लगेंगे।
नेपाल सीमा के ककरहवा से सोनभद्र के दुद्धी तक एनएच-233 के ककरहवा-रुधौली खंड का निर्माण वर्ष 2015 में शुरू हुआ था। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शिलान्यास करते हुए जून 2017 तक कार्य पूरा करने का निर्देश दिया था। हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी को हाईवे के निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
निर्माण में सुस्ती के चलते तीन साल बीतने के बाद भी आधी सड़क नहीं बन पाई है। अधूरे हाईवे पर जानलेवा गड्ढों में आए दिन हो रहे हादसों पर शासन स्तर से बार-बार हिदायतों और निर्देशों के बाद भी कार्य में कोई प्रगति नहीं होने पर मंत्रालय ने सख्त रुख अपना लिया। नतीजतन कार्यदाई संस्था ने खुद हाथ खड़े कर दिए हैं। निर्माण कार्य को अधूरा छोड़कर संस्था अपना सामान समेटने लगी है।
डीएम कुणाल सिल्कू के मुताबिक संस्था ने खुद निर्माण कार्य में असमर्थता जताते हुए हाथ खींच लिया है। अब नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया कर काम शुरू कराया जाएगा। कोशिश होगी कि जल्द ही सड़क निर्माण पूरा हो जाए।