कुशीनगर। बरवां कला गांव में एक किशोरी की बाल कटने की चर्चा के 10 घंटे बाद ही कसया थाना क्षेत्र के अंध्या गांव में 11 वर्षीया बालिका की चोटी कटने से लोगों के बीच भय और बढ़ गया। घटना के बाद से बच्ची के घरवाले पूरी रात जागते रहे। शुक्रवार की सुबह गांव के तमाम लोग उसके दरवाजे पर पहुंचे। इस बार भी वही कहानी दुहराई गई। बच्ची ने सिर में तेज दर्द, खुजलाहट व घबराहट की बात कही है।
अंध्या गांव के रहने वाले मोहन की दो बेटियां अनामिका और मेनका बृहस्पतिवार की रात 10 बजे पढ़ाई करने के बाद सो गईं। कमरे का दरवाजा भी अंदर से बंद था। करीब एक घंटे बाद बड़ी बहन अनामिका ने छोटी बहन मेनका को ठंढ लगने पर चादर ओढ़ाया तो बिस्तर पर मेनका के सिर के पास चोटी के कटे बाल देखकर चिल्लाने लगी। लड़कियों की चीख पुकार सुनकर घर और आसपास के लोग भी जग गए। बड़ी बहन अनामिका के अनुसार बिस्तर पर कटा बाल देखकर वह डर गई। चोटी कटने की घटनाएं सुनने से उसका डर और बढ़ गया। इस घटना के बाद से घरवालों ने पूरी रात जागकर बिताई । मेनका के अनुसार अचानक उसे सिर में तेज दर्द तथा खुजलाहट होने लगी, उस वक्त बहुत भय लग रहा था। इस संबंध में एसओ कसया गजेंद्र राय का कहना है कि गांव के लोग अफवाह फैला रहे हैं। सूचना पर पुलिस गांव गई थी। मामले की छानबीन की जा रही है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।