बड़हलगंज। गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर स्थित सिधुआपार में चोरों ने दुकान व मकान का ताला तोड़कर तीन लाख नगद, लाइसेंसी राइफल सहित दस लाख के जेवरात चुरा ले गए। वारदात के दौरान मकान में कोई नहीं था। एक्सपर्ट्स के साथ मौके पर पहुंचे एसपी ग्रामीण ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी ने घटनास्थल का जायजा लिया और पर्दाफाश के लिए सीओ गोला, कोतवाल से बात की।
गगहा इलाके के पूर निवासी पूर्व प्रधान रामसमुझ यादव के चचेरे भाई ओमप्रकाश यादव की बड़हलगंज थानाक्षेत्र के सिधुआपार में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। इसी के ऊपर आवास है, जहां कमलेश यादव का परिवार रहता हैं। दो सप्ताह पहले कमलेश की पत्नी ममता बच्चों को लेकर मायके चली गई थीं। रविवार की शाम दुकान बंद कर ओमप्रकाश यादव गांव के चाय विक्रेता राम अवतार जायसवाल के साथ घर चले गए। सोमवार को बंदी होने के कारण दुकान नहीं खुली। मंगलवार सुबह राम अवतार दुकान खोलने पहुंचे तो ओमप्रकाश की दुकान का ताला टूटा देखा। उन्होंने ओमप्रकाश को चोरी की सूचना दी।
पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तो पता चला कि चोरों ने मेन गेट पर लगे चैनल का डबल लॉक तोड़कर मकान के कमरे में घुसे थे। चोर मकान से दो लाख रुपये नकद, तीन लाख के जेवरात, लाइसेंसी राइफल सहित कई सामान चुरा ले गए, जबकि दुकान से पचास हजार रुपये नगद, 35 मोबाइल फोन, 30 हजार कीमत की विदेशी मुद्रा, दस हजार से अधिक रुपये के रिचार्ज, लैपटाप चुरा ले गए। चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया और चिप निकाल ले गए। दुकान के मालिक ओमप्रकाश यादव ने 10 लाख रुपये के सामान चोरी होने की तहरीर कोतवाली में दी है।