कुशीनगर। हिरनही गांव में रविवार की सुबह सरसों की पेराई करने वाली मशीन के पट्टे में फंस जाने से 70 वर्षीय एक वृद्ध की मौत हो गई। गांव के लोगों के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों में सुलह समझौता हो गया। सूचना देने के करीब तीन घंटे बाद पुलिस पहुंची। पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए दबाव दे रही थी तो मृतक के परिवारीजन सहित गांववाले पोस्टमार्टम नहीं कराने पर अड़े थे। शाम तक मौके पर एसओ जटहां बाजार और पडरौना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सहित सीओ सदर लोगों को समझाने में लगे थे।
पडरौना कोतवाली क्षेत्र के माघी कोठिलवा गांव के मोहम्मद हुसैन रविवार को जटहां बाजार थाना क्षेत्र के हिरनही गांव के इंद्रासन के यहां सरसों की पेराई के लिए गए थे। वहां मौजूद लोगों के मुताबिक सुबह दस बजे पेराई मशीन में सरसों डालते समय संतुलन बिगड़ जाने से वृद्ध मोहम्मद हुसैन मशीन के पट्टे में फंस गए, जहां उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
उनके मौत की खबर सुनते ही आसपास के गांव से काफी संख्या में लोग जुट गए। मृतक के घरवाले भी पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। मृतक के घर वाले शव को अपने गांव माघी कोठिलवा ले गए। सूचना देने के करीब तीन घंटे बाद पडरौना और जटहां थाने की पुलिस मृतक के गांव पहुंची। पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कह रही है, लेकिन मृतक के घरवाले और गांव के लोग पोस्टमार्टम के लिए राजी नहीं थे। मौके पर सीओ भी पहुंचे। उनके समझाने पर भी लोग नहीं माने। गांववालों का साफ कहना था कि मोहम्मद हुसैन की मौत अचानक हुई है, उसमें किसी का दोष नहीं है तो पोस्टमार्टम का कोई औचित्य नहीं बनता है।