लोकसभा चुनाव के बाद तय होगा महागठबंधन का नेता-जयंत
- रालोद के उपाध्यक्ष ने कहा सीट बंटवारे का झगड़ा नहीं
सभी केंद्र
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी का कहना है कि आगामी लोकसभा चुनाव में महागबंधन तय है लेकिन प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार अभी तय करना जल्दबाजी है। चुनाव बाद ही महागठबंधन का नेता चुनाव जाएगा। इस बयान को कांग्रेस के लिए झटका माना जा रहा है। कहा जा रहा है कि जयंत ने एक तरह से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री पद की दावेदारी को खारिज कर दी है।
संतकबीरनगर जाने के लिए गोरखपुर पहुंचे जयंत ने गोरखपुर एयरपोर्ट पर मीडिया कर्मियों से बात की। कहा कि विपक्ष एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ेगा। यूपी सहित देश के अलग-अलग राज्यों में महागठबंधन होगा। जयंत ने भाजपा की केंद्र और यूपी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि केंद्र सरकार का चार साल से ज्यादा का कार्यकाल पूरा हो गया लेकिन चुनाव में किए वादे अभी तक जमीन पर नहीं उतरे हैं। जनता अब बदलाव चाहती है। अगले लोकसभा चुनाव में महागबंधन भारी पड़ेगा। सीट बंटवारे का विवाद भी महागठबंधन के आड़े नहीं आएगा। इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव सुधाकर पांडेय, जिलाध्यक्ष रमेश सिंह सैंथवार, संतोष कुमार और रजनीकांत आदि मौजूद रहे।