कुशीनगर। मारपीट में गंभीर रूप से घायल तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सपहीं टड़वा निवासी 45 वर्षीय एक व्यक्ति की शुक्रवार की शाम मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सपहीं टड़वा निवासी गोरख खरवार और गांव के ही एक व्यक्ति के परिवार के बीच बृहस्पतिवार की रात में मारपीट हो गई थी। जिसमें गोरख गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें रात में ही जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बावजूद हालत में सुधार न होते देख शुक्रवार को डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय शाम को रास्ते में उनकी मौत हो गई। इसके बाद उनके घरवाले शव लेकर थाने चले गए और घटना की जानकारी देते हुए पिटाई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी एसओ कन्हैया यादव का कहना था कि तहरीर नहीं मिली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।