गोरखपुर। जिले में चुनाव ड्यूटी में लगे दो कर्मचारियों की मौत हो गई। पिपराइच में ड्यूटी पर लगे कर्मचारी राजाराम को अस्थमा की शिकायत थी और उन्होंने जिला प्रशासन से छुट्टी भी मांगी थी मगर उनकी ड्यूटी लगा दी गई थी। अचानक भोर में सांस लेने की तकलीफ हुई और जब तक अस्पताल ले जाते उनकी मौत हो गई।
रेलवे महाप्रबंधक कार्यालय के सतर्कता अनुभाग में तैनात राजाराम (56) की पिपराइच के माधोपुर मतदान केंद्र पर ड्यूटी थी। सांस की तकलीफ के कारण उन्होंने डयूटी न लगाने अनुरोध भी किया था। रविवार की भोर में तीन बजे के करीब अचानक उनको सांस लेने में तकलीफ शुरू हुई। सूचना पर एंबुलेंस से पिपराइच स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया जहां डॉक्टर आनंद कुमार ने उन्हें मृत घोषित किया। दूसरी घटना बांसगांव इलाके में हुई।
प्राथमिक विद्यालय कोपवा पर तैनात पीठासीन अधिकारी विनोद कुमार श्रीवास्तव (55) की मौत हो गई। एसडीएम अरुण कुमार मिश्र के अनुसार पिपराइच क्षेत्र के निवासी विनोद कुमार श्रीवास्तव की कोपवा गांव के बूथ संख्या 219 के पीठासीन अधिकारी बनाए गए थे। शनिवार की रात में भोजन करके सो रहे थे। करीब 11:30 बजे पेट में अचानक जोर उठा। अन्य मतदान कर्मियों ने इसकी सूचना डायल 108 व 102 पर देने की कोशिश की गई मगर फोन नहीं उठा। पुलिस ने अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।