सेंट जोसेफ कॉलेज में प्रभु यीशु के जीवन का नाट्य मंचन किया गया।
- फोटो : Amar Ujala
क्रिसमस के उपलक्ष्य में शहर के विभिन्न स्कूलों, गिरजाघरों, कॉलेजों में शुक्रवार को विविध कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। कहीं कैंडल लाइट सर्विस हुई तो कहीं नेटिव प्ले। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रभु यीशु का संदेश लोगों तक पहुंचाया गया।
सेंट जॉन्स चर्च बशारतपुर में कैंडल लाइट सर्विस के दौरान चर्च के क्वायर ने प्रभु की महिमा के गीत गाए और उनका संदेश सुनाया। पादरी रेव्ह संजय विन्सेंट ने बाइबल से यहुन्ना नौ पर प्रकाश डाला। चर्च में मसीही अनुयायियों ने कैंडल लेकर प्रभु यीशु की याद में गीत गाकर अपनी श्रद्धा निवेदित की। इस दौरान मसीही सेवक वीपी अलेक्जेंडर, रेव्ह रोशन लाल, रेव्ह ईश्वर दयाल मौरिसन, प्रवीण जेम्स आदि मौजूद थे।
सेंट जोसेफ स्कूल, गोरखनाथ में छात्रों ने गीत और नृत्य की प्रस्तुति से वाहवाही बटोरी। कुछ बच्चों ने सांता क्लाज की ड्रेस पहनकर पूरे विद्यालय परिसर में घूम-घूमकर लोगों में उपहार बांटकर उन्हें क्रिसमस की बधाई दी। बिशप थॉमस थिरुटीमट़टम ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित करके किया। बच्चों ने एकल, समूह नृत्य, कैरेल सिंगिंग और प्रभु यीशु के जन्मोत्सव का नाटक पेश कर तालियां बटोरीं।
एसएस एकेडमी में बच्चों की ओर से फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। रेयांस, उन्नति, कार्तिक की ओर से पेश नृत्य ‘लिसेन टु द वॉटर’, कनिष्का, श्रेया वर्मा और ज्योत्सना सिंह की ओर से प्रस्तुत गीत ‘वी विश यू मेरी क्रिसमस’ की शानदार प्रस्तुति ने माहौल में रंग भर दिया। निदेशक कनक हरि अग्रवाल ने कार्यक्रम की शुरूआत की।