गोरखपुर। पूर्वांचल के नौनिहालों का काल बन चुकी इंसेफेलाइटिस ने बीते 24 घंटों में फिर तीन जिंदगियां लील लीं। मेडिकल कॉलेज में इंसेफेलाइटिस वार्ड में बीते 24 घंटे में इस बीमारी ने गोरखपुर के दो मासूमों समेत तीन जानें ले लीं। इस वर्ष अब तक मेडिकल कॉलेज में बीमारी से मरने वालों की संख्या 111 हो गई है। इनमें से 106 मरीजों की मौत बालरोग विभाग के इंसेफेलाइटिस वार्ड में इलाज के दौरान हुई जबकि पांच मौतें मेडिसिन वार्ड में हुईं।
बड़हलगंज क्षेत्र के खखाइचखोर निवासी गुड्डू शर्मा का आठ माह का पुत्र प्रिंस और तिवारीपुर के माधोपुर निवासी रिंकू चौधरी के तीन वर्षीय पुत्र विक्रम को तेज बुखार और झटका आने पर परिवारवाले मेडिकल कॉलेज ले आए थे। यहां इनको इंसेफेलाइटिस वार्ड में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई। नेपाल के रुपनदेही जिले के मधुवलिया निवासी घनश्याम की 33 वर्षीय पत्नी किस्मती देवी की भी मौत बीमारी से हो गई। पिछले 24 घंटे के दौरान मेडिकल कॉलेज में इंसेफेलाइटिस के छह नए मरीज भर्ती किए गए। इनमें गोरखपुर के चार और महराजगंज व कुशीनगर के एक-एक मरीज शामिल हैं। इस वर्ष अब तक मेडिकल कॉलेज में इंसेफेलाइटिस के 416 मरीज भर्ती हुए हैं। 75 मरीजों का इलाज अभी भी मेडिकल कॉलेज के इंसेफेलाइटिस वार्ड में जारी है।