गोरखपुर। अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी सैयद मोदी की 29वीं पुण्यतिथि शुक्रवार को इमामबाड़े स्थित आगा साहब मजार पर मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चिल्लूपार विधायक विनय शंकर तिवारी ने कहा कि मोदी की जगह भरना संभव नहीं है। हमें उन जैसे महान खिलाड़ी को बैडमिंटन में तैयार करने की जरूरत है। हर वर्ष की भांति इस साल भी टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा में लोकतांत्रिक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सैयद वसीम अख्तर रिजवी, मोहम्मद आगा अली, नजमुद्दीन, केपी त्रिपाठी, सैयद मोदी के बड़े भाई आविद हैदर, सैयद वाकर इंसान हैदर समेत विभिन्न खेलों के पदाधिकारी, खिलाड़ी और राजनेता मौजूद थे।
बैडमिंटन के शिखर तक पहुंचे सैयद मोदी
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सैयद मोदी आठ वर्षों तक लगातार राष्ट्रीय चैंपियन रहे। साथ ही राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता बनने का गौरव भी मिला। भारत सरकार ने उनकी उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित किया। कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के विजेता सैयद मोदी ने लगातार 14 सालों तक भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व भी किया। अपनी ख्याति से गोरखपुर ही नहीं पूरे पूर्वांचल का नाम उन्होंने रोशन किया।