गोरखपुर। सड़क सुरक्षा अभियान के क्रम में परिवहन विभाग की दो टीमों ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान पैड़लेगंज से बगैर परमिट चल रहे सात ट्रैवलर सीज किए गए, जबकि ग्रामीण रूट की परमिट पर शहर में चल रहे आठ काले रंग वाले टैंपो भी पकड़े गए। सभी वाहनों का चालान कर दिया गया।
परिवहन विभाग और पुलिस की सख्ती के बाद भी लखनऊ तक चोरी छिपे शहर के कई इलाकों से ट्रैवलर चल रही हैं। आरटीओ डीडी (प्रवर्तन) मिश्रा ने इन गाड़ियों की धरपकड़ के लिए टीम बनाई। गुरुवार को एसएसपी ने भी सीओ कैंट को आरटीओ अधिकारियों से समन्वय बनाकर चेकिंग करने का कहा था। इसी क्रम में शुक्रवार को एआरटीओ प्रवर्तन संदीप पंकज के नेतृत्व में टीम ने पैड़लेगंज, भगत चौराहा पर चेकिंग की तो सात ट्रैवलर सड़क किनारे खड़े मिले। ये सभी लखनऊ रूट पर चलती हैं। चेकिंग में किसी ट्रैवलर के पास लखनऊ तक चलने का परमिट नहीं था। सभी को सीज कर पुलिस यार्ड में खड़ा करा दिया गया। उधर, एआरटीओ प्रवर्तन पंकज जायसवाल ने शास्त्री चौक और रेलवे स्टेशन पर वाहनों की चेकिंग की। उन्होंने बगैर परमिट चल रहे आठ टैंपो पकड़े। सभी का चालान कर मौके से ही जुर्माना वसूला गया।
0
हेलमेट व सीट बेल्ट न लगाने पर 15 का चालान
बगैर हेलमेट बाइक चलाना और कार में सीट बेल्ट न लगाना लोगों को भारी पड़ा। आरटीओ अधिकारियों ने 10 बगैर हेलमेट पहने बाइक चलाने वालों का चालान काटा। इसके अलावा बिना सीट बेल्ट लगाए पांच चालकों का भी चालान काटा गया।
0
आज से डग्गामार वाहनों की धरपकड़
डग्गामार वाहनों की धरपकड़ शनिवार से की जाएगी। सही परमिट न लेकर चलने वाले बसों की चेकिंग विशेष रूप से की जाएगी। एआरटीओ संदीप पंकज ने कहा कि सभी वाहन स्वामी परमिट के शर्तों के अनुसार ही निर्धारित रूट पर बसों को चलाएं। पकड़े जाने पर वाहन सीज कर दिए जाएंगे।